ग्राम बेलसोंडा मे पुराना पंचायत भवन आंगनबाड़ी के सामने हुए अतिक्रमण की होगी उच्चस्तरीय जांच।

आखिर स्वर्ण जयंती स्मारक को तोड़कर अतिक्रमण करवाने की जरूरत क्यों पड़ी ? 

जर्जर आंगनबाड़ी के पुनर्निर्माण के लिए तोड़ना पड़ेगा अवैध निर्माण, प्रस्ताव पारित।

प्रमोद दुबे

बेलसोंडा  –  ग्राम पंचायत बेलसोंडा की सरपंच श्रीमती भामिनी पोखन चन्द्राकर ने आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 03 तथा पुराना पंचायत भवन के सामने बाजार स्थल मे किये गए अतिक्रमण कर्ताओं के विरुद्ध सख्त फैसला लेते हुए आंगनबाड़ी के सामने बने हुए सभी अवैध निर्माण को तोड़ने का निर्णय लेते प्रस्ताव पारित किया है। सरपंच भामिनी ने अवैध निर्माण तोड़ने के पहले अवैध निर्माण की उच्चस्तरीय जांच करने का भी प्रस्ताव पारित किया है ताकि अवैध निर्माण के समय तत्कालीन सरपंच राजेन्द्र चन्द्राकर की भी भूमिका लोगो को पता चल सके। सरपंच श्रीमती भामिनी पोखन चन्द्राकर ने बताया कि उक्त स्थल पर पूर्व प्रधानमंत्री श्री अटल बिहारी बाजपेयी जी के कार्यकाल मे स्वर्ण जयंती स्मारक बना हुआ था तथा स्वर्ण जयंती स्मारक को तोड़कर व्यावसायिक परिसर का रूप देते हुए बिना दस्तावेज के कब्जा करवाया गया है।

शासकीय भूमि मे पंचायत भवन के सामने बाजार स्थल मे कब्जा होना तथा तत्कालीन सरपंच राजेन्द्र चन्द्राकर द्वारा इस मामले को गंभीरतापूर्वक न लेकर अतिक्रमणकारियों को खुली छूट देकर किसी भी प्रकार की कार्यवाई न करना समझ से परे है इसलिए इस पूरी प्रकरण से पर्दा हटाने के उद्देश्य से मैने इसकी उच्चस्तरीय जांच बिठाने के लिए प्रस्ताव पारित करके जिलाधीश महोदय को पत्र प्रेषित की हूँ। सरपंच भामिनी ने प्रस्ताव क्रमांक 04-05-12/8/2024- ग्रा. पंचायत अति. के तहत बलराम चन्द्राकर, उनके भाई पोखन चन्द्राकर, बिषहत चन्द्राकर, दीपक चन्द्राकर, सुरेश चन्द्राकर तथा अरुण कन्नौजे को दुकान खाली करने के लिये नोटिस जारी किया है ताकि उनके अवैध निर्माण के पीछे बने हुए आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 03 की जर्जर भवन का पुनर्निमाण हो सके। जब इस प्रतिनिधि ने सरपंच भामिनी से व्यवसायियों की रोजी रोटी पर प्रश चिन्ह खड़ा किया तो सरपंच ने बताया कि यदि अतिक्रमणकर्ता अनुरोध करेंगे तो उन पर सहानुभूति दिखाते हुए उनके व्यस्थापन पर विचार किया जाएगा फिलहाल बाजार स्थल मे अतिक्रमण किन परिस्थियों मे हुई इनकी उच्चस्तरीय जांच बहुत जरूर है।