पालिका क्षेत्र में समस्याओं का अंबार, कांग्रेस राज में विकास को तरसा महासमुंदः देवेंद्र

प्रमोद दुबे 

महासमुंद । भाजपा सकारिता प्रकोष्ठ के जिला सह संयोजक देवेंद्र चंद्राकर ने कहा कि महासमुंद नगर पालिका क्षेत्रांतर्गत नागरिकों को मूलभूत सुविधाओं सहित नगर विकास के कार्य विगत कुछ सालों से नहीं हो पा रहे है। कांग्रेस के विगत 5 सालों के कार्यकाल के दौरान शहर का विकास अवरूद्ध हो गया है। इन्हीं सब समस्याओं को देखते हुए प्रदेश में भाजपा की सरकार बनते ही सर्वप्रथम शहरी क्षेत्र के निवासियों को सुविधाएं प्रदान करने, उनकी समस्याओं का त्वरित समाधान करने मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय ने नगरीय क्षेत्रों में जन समस्या निवारण पखवाड़े का आयोजन किया। जिसमें बढ़-चढ़कर नगरजनों ने मांगों व समस्याओं से संबंधित विभिन्न आवेदन सौंपे। जिसमें से कई आवेदनों का शिविर स्थल पर ही निराकरण किया गया
तथा शेष आवेदनों का निराकरण करने की प्रक्रिया तेजी से चल रही है। श्री चंद्राकर ने कहा कि जनसमस्या पखवाड़े के दौरान आयोजित शिविरों में ऐसे भी मामले सामने आए जिसके निराकरण के लिए नागरिक पालिका के चक्कर लगाते थक चुके थे। नगर में बस स्टैंड की समस्या से सभी को दो-चार होना पड़ रहा है। सैकड़ों बसों का आवागमन विभिन्न रूटों में होता है। लंबे समय से सर्वसुविधायुक्त बस स्टैंड बनाए जाने की मांग नागरिक करते रहे, लेकिन आज तक इस ओर पालिका प्रशासन द्वारा ठोस पहल नहीं की गई। वर्तमान में नए बस स्टैंड के लिए स्थान भी नहीं ढूंढ पाए। श्री चंद्राकर ने कहा कि शहर के भीतर पार्किंग की समस्या भी बनी रहती है। इसके अलावा पालिका के समस्त उद्यानों का हाल बेहाल है।
शहर स्थित गुरू रविदास गार्डन आज नशेड़ियों का अड्डा बन गया है। यहां अटल आवास के आसपास बाहर से आए अपराधिक तत्वों द्वारा डेरा जमाए बैठे रहते हैं। बच्चे व महिलाएं इस उद्यान में जाने से कतराते हैं। ऐसा लगता है कि पालिका ने यह उद्यान अपराधियों व नशेड़ियों के लिए खोल रखा है। यही नही, शहर के विभिन्न स्थानों पर ओपन जिम भी स्थापित किए गए। जो स्थानीय नागरिकों के लिए अनुपयोगी रहा। ओपन जिम के अधिकांश सामग्री कंडम हो चुके हैं, तथा अनेक स्थानों के सामग्रियों की चोरी हो चुकी है। श्री चंद्राकर ने आगे कहा कि नगर के समस्याओं का समाधान तभी हो पाएगा जब पालिका में भी भाजपा के अध्यक्ष तथा उपाध्यक्ष बनेंगे।