शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता लाने हेतु शिक्षकों को दिए निर्देश
कोचवाय के तीन स्वास्थ्य कर्मियों को कारण बताओ नोटिस जारी करने के निर्देश
गरियाबंद – कलेक्टर दीपक कुमार अग्रवाल ने आज जिले के उच्चतर माध्यमिक विद्यालय और प्राथमिक स्वास्थ्य केन्द्र का औचक निरीक्षण कर सुविधाओं की जानकारी ली। कलेक्टर श्री अग्रवाल ने शासकीय उच्चतर माध्यमिक शाला नहरगांव एवं नागाबुड़ा में जाकर पढ़ाई सुविधाओं तथा छात्र-छात्राओं, शिक्षक-शिक्षिकाओं की उपस्थिति, स्कूल परिसर में बिजली, पेयजल, साफ-सफाई, शौचालय के बारे में जानकारी प्राप्त की। शिक्षक उपस्थिति रजिस्टर का अवलोकन किया साथ ही उन्होंने परिसर को साफ-सुथरा रखने के निर्देश दिए तथा समय पर स्कूल खोलने कहा। उन्होंने सभी विद्यालयों में शिक्षा व्यवस्था में गुणवत्ता लाने के लिए शिक्षकों को समय पर उपस्थित होकर अध्यापन कार्य करने हेतु निर्देशित किया।
निरीक्षण के दौरान कलेक्टर श्री अग्रवाल आज स्कूल में शिक्षक की भूमिका में भी नजर आए। श्री अग्रवाल ने छात्र-छात्राओं को गणित के जोड़ना, घटाना, सामन्य ज्ञान, अंग्रेजी, विज्ञान सहित अन्य विषयों के बारे में सवाल-जवाब किये, इस पर विद्यार्थियों ने अपने परिचय के अलावा अन्य जानकारी अंग्रेजी में लिख सकें इसके लिये भी मार्गदर्शन दिए। कलेक्टर ने विद्यार्थियों से जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थलों के नाम तथा बच्चों को पढ़ लिखकर आगे किस फिल्ड में जाना चाहते है, उसकी जानकारी ली। इस पर कुछ बच्चों ने डॉक्टर, इंजीनियर, पुलिस, शिक्षक, आर्मी में भर्ती होकर देश सेवा करने की बात कही। इस पर कलेक्टर ने कहा कि अपने लक्ष्य को प्राप्त करने के लिए स्कूल के अलावा घर पर भी कड़ी मेहनत करने की आवश्यकता है। प्रतिदिन अपने नॉलेज को बढ़ाने के लिए समाचार पत्र-पत्रिकाएं पढ़ने को कहा। साथ ही उन्होंने बच्चों को मोबाईल का सदुपयोग करने व अनावश्यक मोबाईल नहीं देखने की शपथ दिलाई। कलेक्टर ने प्रत्येक कक्षा में बच्चों के ज्ञान के स्तर को ऊंचा उठाने के लिए पाठ्यपुस्तकों के अलावा अन्य व्यवहारिक ज्ञान देने के लिए शिक्षकों को निर्देशित किया गया। शिक्षकों को पालक सम्पर्क कर विद्यालय में छात्रों की शत प्रतिशत उपस्थिति कराने हेतु पहल किये जाने हेतु जागरूक किया गया। कलेक्टर ने बच्चों को सुबह नियमित रूप से कम से कम 10-15 मिनट योग करने के लिए प्रेरित किया।
