प्रमोद दुबे
बेलसोंडा – ग्राम पंचायत बेलसोंडा मे आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 3 के सामने बाजार स्थल मे बलराम चन्द्राकर उनके भाई पोखन चन्द्राकर एवं बिषहत चन्द्राकर द्वारा सामूहिक रूप से अतिक्रमण करके अवैध निर्माण किया जा रहा है। इस संबंध मे सरपंच श्रीमती भामिनी पोखन चन्द्राकर ने अतिक्रमणकर्ताओं को निर्धारित प्रक्रिया अपनाते हुए प्रथम नोटिस पत्र क्रमांक Q/17-24-25/ग्रा.पं./नो/अति. दिनांक 27/7/2024 को दिया तत्पश्चात राजस्व अमला के निर्देशानुसार द्वितीय नोटिस Q/19 दिनांक 31/7/2024 तथा तृतीय एवं अंतिम नोटिस Q/20 दिनांक 2/8/2024 के तहत दिया गया

जिसमे 2 दिवस के भीतर जमीन का मालिकाना हक संबंधित दस्तावेज प्रस्तुत करने के लिए बताया लिखा गया है लेकिन अतिक्रमण कर्ताओं ने नोटिस लेने से इंकार कर दिया जिसे ग्राम कोटवार नरेश चौहान तथा धनुष ने नियमानुसार उनके दीवाल में चस्पा करके नोटिस लेने से इंकार लिखते हुए अपना दस्तख़त भी किया है।सरपंच श्रीमती चन्द्राकर ने बताया कि उक्त जगह पर पुराना पंचायत भवन संचालित होता था तथा वर्तमान मे आंगनबाड़ी केंद्र क्रमांक 3 संचालित हो रहा है तथा उसी जगह पर स्वर्ण जयंती स्मारक भी बना हुआ था जिस पर पूर्व सरपंच की मिलीभगत के चलते अतिक्रमण कर्ताओं को सौंपकर दुकान बनाया गया था जिसे अब फिर से आगे बढ़ाया जा रहा है, उक्त जमीन खसरा नंबर 376 शासकीय भूमि है।

अब यदि अतिक्रमणकर्ताओं द्वारा 2 दिवस के भीतर मालिकाना हक संबंधी कोई दस्तावेज नही सौंपा गया तो सक्षम अधिकारी को सूचित करते हुए पंचायतीराज अधिनियम 1993 की धारा 56 मे प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए उक्त अतिक्रमण सहित उनके पूरा दुकानों को भी तोड़ा जाएगा तथा अतिक्रमणकर्ता यदि चाहे तो इस संबंध मे पंचायत के विरुद्ध न्यायालय जा सकते है।

श्रीमती चन्द्राकर ने बताया कि उक्त स्थल गांव के मुख्य रास्ते पर स्थित है जिस पर बाजार का संचालन भी होता है अतिक्रमण हटाने के पश्चात होने वाले खर्च भी नियमानुसार अतिक्रमणकारियों को ही देना पड़ेगा।
