सुरेन्द्र मिनोचा
चरचा कॉलरी – खदान के भीतर कार्य के दौरान घटित खान दुर्घटना में टीएमसी प्राइवेट लिमिटेड कंपनी का एक ठेका मजदूर मंगलवार शाम को गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे तत्काल उपचार के लिए रिजनल अस्पताल चरचा लाया गया, जहां प्राथमिक उपचार के बाद गंभीर रूप से घायल ठेका मजदूर को बेहतर उपचार के लिए अपोलो हास्पिटल बिलासपुर रेफर किया गया है। उपरोक्त संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार एसईसीएल बैकुंठपुर क्षेत्र की चरचा माइंस आरओ के चरचा वेस्ट खदान के 95 पेनल में टीएमसी प्राइवेट कंपनी ठेका के माध्यम से कोयला उत्पादन किया जा रहा है। इसमें एसईसीएल कर्मचारियों के साथ-साथ ठेका मजदूर भी कार्यरत हैं।प्रथम पल्ली में टेंगनी निवासी ठेका मजदूर विकास कुमार व अन्य साथी कार्य कर रहे थे।कार्य के दौरान मंगलवार की शाम लगभग 5 बजे के बीच पत्थर का टुकड़ा गिरने से ठेका कर्मी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना पश्चात अन्य कामगारों की मदद् से घायल को बाहर लाया गया और उपचार के लिए रीजनल हॉस्पिटल चरचा ले जाया गया, जहां डॉक्टर के द्वारा प्राथमिक उपचार कर घायल की गंभीर स्थिति को देखते हुए तत्काल अपोलो हॉस्पिटल बिलासपुर के लिए रेफर किया गया,जहां डॉक्टरों की निगरानी में उसका उपचार जारी है।
“पूर्व में एक कर्मी की हुई थी मौत”
जानकारी के अनुसार इस घटना के पूर्व में भी खदान के भीतर घटित दुर्घटना में एक ठेका कर्मी की मौत हो चुकी है, बावजूद इसके खदान में सुरक्षा व्यवस्था को पुख्ता करने की दिशा में गंभीरता नहीं दिखाई जा रही है। जानकारी के अनुसार हाल में घटित दुर्घटना के पूर्व टीएमसी प्राइवेट कंपनी का एक ठेका मजदूर दंस कुमार निवासी चिरमिरी खान के भीतर कार्य करने के दौरान साइड फाल गिरने की वजह से गंभीर रूप से घायल हो गया था, बाद में उसकी मौत हो गई थी।
