ग्राम लोहारी के मनोज साहू हुए कोल इंडिया लिमिटेड में मैनेजमेंट ट्रेनिंग के पद पर नियुक्त।

सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी – मनेद्रगढ़ के अधिवक्ता मनमोहन साहू ने जानकारी साझा करते हुए बताया कि उनके सुपुत्र, मनोज साहू, को कोल इंडिया लिमिटेड में मैनेजमेंट ट्रेनिंग के पद पर नियुक्ति मिली है।यह नियुक्ति मनोज को गेट एक्जाम 2023 में ऑल इंडिया रैंक 35 हासिल करने के बाद प्राप्त हुई है।इस महत्वपूर्ण उपलब्धि ने न केवल उनके परिवार को बल्कि उनके शुभचिंतकों और मित्रों को भी खुशी का अवसर प्रदान किया है।मनमोहन साहू ने इस सफलता का श्रेय भगवान की कृपा, पूर्वजों के आशीर्वाद, मनोज के कठिन परिश्रम और गुरूजनों के सही मार्गदर्शन को दिया है।उन्होंने नवोदय विद्यालय बैकुंठपुर, नवोदय प्रकाशम, नवोदय बैंगलोर और आईआईटी धनबाद के सभी शिक्षकों और प्रोफेसरों का हृदय से धन्यवाद व्यक्त किया है।जिनकी महत्वपूर्ण भूमिका मनोज के शैक्षिक और व्यावसायिक विकास में रही है।
इसके साथ ही मनमोहन साहू ने दक्षिणा फाउंडेशन के सभी एनआरआई सदस्यों का भी आभार व्यक्त किया।उन्होंने कहा कि दक्षिणा फाउंडेशन के सदस्यों के सहयोग और समर्थन के बिना यह सफलता संभव नहीं थी। मनमोहन साहू ने अपनी भावनाओं को व्यक्त करते हुए कहा, “हम कामना करते हैं कि आप सभी का आशीर्वाद और स्नेह मेरे सुपुत्र पर बना रहे।यह सफलता हमारे परिवार के लिए एक प्रेरणा है और हम आशा करते हैं कि मनोज अपने कार्य क्षेत्र में उत्कृष्ट प्रदर्शन करेंगे और समाज का नाम रोशन करेंगे।”इस सफलता की खबर से मनेद्रगढ़ और आसपास के क्षेत्रों में हर्ष का माहौल है।सभी रिश्तेदार, मित्र और शुभचिंतक मनोज साहू की इस उपलब्धि पर बधाई और शुभकामनाएं दे रहे हैं।मनोज साहू शुरू से ही मेधावी छात्र रहे हैं और सभी कक्षाओं में उनका 95% से अधिक प्रतिशत रहा है। छोटे से गांव लोहारी से निकलकर उच्च शिक्षा प्राप्त कर इस पद तक पहुंचना अत्यंत ही सराहनीय है।