घर में छुपा कर रखे गए सागौन की बल्ली और लठ्ठा को वन विभाग ने किया जप्त।

उच्च अधिकारियों के दिशा निर्देश पर खड़गवां वन परिक्षेत्र की टीम ने की कार्यवाही।

सुरेन्द्र मिनोचा
खड़गवां/एमसीबी – बैकुंठपुर कोरिया वन मंडल अंतर्गत समस्त वन परिक्षेत्रों में लकड़ी तस्करों, वन भूमि पर अवैध उत्खनन एवं वन संबंधित अन्य आपराधिक मामलों में संलिप्त अवैध कारोबारियों पर समय-समय पर कार्यवाही की जाती रही है।इसी कड़ी में वन मंडल बैकुंठपुर कोरिया वन मंडलाधिकारी के आदेशानुसार एवं उप वन मंडलाधिकारी अखिलेश मिश्रा द्वारा दिए गए निर्देशों का कड़ाई से पालन करते हुए वन परिक्षेत्र खड़गवां के सांवला बीट में वन परिक्षेत्र खड़गवां की टीम ने कार्यवाही कर घर में छुपा कर रखे गए सागौन की बल्ली और लठ्ठे को जप्त करने में सफ़लता प्राप्त की है।

हालांकि वन विभाग द्वारा अपने वनस्पतियों के संरक्षण के लिए हर तरह से पुख्ता इंतजाम किए जाते हैं ,मगर इसके बावजूद कहीं ना कहीं वन विभाग में वनस्पतियों की अवैद्य कटाई को अंजाम दिया गया था,परंतु वन विभाग के उच्च पदाधिकारियों के संज्ञान में मामला आते ही किसी को भी नहीं बख्शने की बात अधिकारियों द्वारा की जा रही है, उनका कहना है कि चाहे वो आम आदमी हो या विभाग का कर्मचारी, सब पर निष्पक्षता से कार्यवाही की जा रही है। वन मंडल बैकुंठपुर कोरिया के डीएफओ एवं एसडीओ द्वारा यह ठोस प्रमाण दिया जा रहा है कि वन विभाग की नजरों में जिसने भी ग़लत किया है उसे बचाया नहीं जाएगा,अपितु उस पर कार्यवाही ज़रूर होगी।
वहीं घर में छुपा कर रखे गए सागौन की बल्ली एवं लट्ठे के मामले में वन परिक्षेत्र खड़गवां की टीम को सूत्रों से जानकारी मिली थी कि वन परिक्षेत्र खड़गवां के सांवला बीट में रहने वाला निवासी बलदेव पिता रामप्रसाद रजवार घर के पास के जंगल से सागौन की बल्ली और लट्ठा काट कर घर में छुपा कर रखा है, जिसके बाद वन परिक्षेत्र खड़गवां के वन परिक्षेत्र अधिकारी अर्जुन सिंह ने बिना देर करते हुए वन मंडल बैकुंठपुर कोरिया के वन मंडलाधिकारी प्रभाकर खलखो एवं उप वन मंडलाधिकारी अखिलेश मिश्रा को इसकी सूचना दी। जिसके बाद वन मंडल बैकुंठपुर कोरिया के उच्च पदाधिकारियों ने त्वरित कार्यवाही का आदेश दिया,आदेश मिलते ही रेंजर ने उक्त मामले में पूरी गंभीरता बरतते हुए सर्च वारंट जारी करवा कर टीम गठित कर मामले की जांच के लिए मौके पर पहुंचे,जहां वन विभाग की टीम के द्वारा पंचनामा बनाया गया, पूछताछ के दौरान उक्त व्यक्ति ने अवैद्य लकड़ी कटाई के अपराध को स्वीकार किया, छानबीन के दौरान उक्त व्यक्ति के घर से वन विभाग की टीम ने सागौन की बल्ली कुल 16 नग और लट्ठा कुल 4 नग जब्त किया, जिसकी गोलाई और लंबाई नाप कर वन रक्षक द्वारा पी.ओ.आर. नंबर 20353/4 दिनांक 18.05.2024 जारी किया गया और लकड़ियों को वहां से जब्ती किया गया तथा उठवा कर निस्तार डिपो खड़गवां में रखवाया गया।मामले में जांच कर मुआवजा करीब बीस हज़ार की राशि वसूल की गई है जिसका रसीद क्रमांक 15101/38 जारी किया गया है।

इस सम्पूर्ण मामले में वन मंडल बैकुंठपुर कोरिया के उच्च पदाधिकारियों का साफ तौर पर कहना है कि ऐसे मामलों में संलिप्त कोई भी व्यक्ति हो, वन विभाग द्वारा निरंतर कार्यवाही की जाएगी और भविष्य में ऐसे मामलों में हर संलिप्त व्यक्ति को वन विभाग द्वारा बख्शा नहीं जाएगा, वन संरक्षण के लिए वन मंडल बैकुंठपुर कोरिया द्वारा पहले भी तत्परता से कार्य किए गए हैं और आगे भी वन संरक्षण के लिए वन मंडल बैकुंठपुर कोरिया के कर्मचारियों में कर्मठता देखी जाएगी, वहीं वन परिक्षेत्र खड़गवां के वन परिक्षेत्र अधिकारी ने पत्रकारों से बातचीत के दौरान बताया कि वन मंडल बैकुंठपुर कोरिया के उच्च पदाधिकारियों के आदेशों का हम कड़ाई से पालन कर रहे हैं और आगे भी इस तरह की सफल कार्यवाहियों को तत्परता के साथ अंजाम दिया जाएगा।