योग गुरु उपाध्याय देंगे योग प्रशिक्षण।
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेद्रगढ़/एमसीबी :- ग्रीष्मकालीन अवकाश में विभिन्न शैक्षणिक संस्थाओं के विद्यार्थियों,शिक्षकों, अभिभावकों के शारीरिक सौष्ठव एवं सकारात्मक चिंतन के लिए योग एवं प्राणायाम की निःशुल्क योग कक्षा का संचालन सरस्वती शिशु मंदिर के खेल प्रांगण में प्रातःकालीन सत्र में प्रातः 6:00 बजे से किया जायेगा।इस समर योग कैंप का संचालन वरिष्ठ योग प्रशिक्षक सतीश उपाध्याय के द्वारा किया जायेगा। योग सत्र 15 जून तक विद्यार्थियों शिक्षकों के लिए पृथक पृथक संचालित किया जाएगा। योग का प्रथम बैच 20 मई से प्रारंभ किया जायेगा, जिसके लिए इच्छुक विद्यार्थी अपना पंजीयन 9300091 563 के माध्यम से या योग कैम्प स्थल पर उपस्थित होकर करा सकते हैं। योग के समापन सत्र में छत्तीसगढ़ योगासन स्पोर्ट्स के जिला अध्यक्ष, युवा प्रशिक्षक उपस्थित रहेंगे। योग का संपूर्ण पैकेज स्कूल शिक्षा विभाग के द्वारा जारी योग शिक्षा के अनुरूप प्रदान किया जाएगा। 15 जून तक संचालित होने वाले योग एवं प्राणायाम में सूर्य नमस्कार के 12 आसन, भस्त्रिका, कपालभाति, उदगीथ भ्रामरी एवं योग के साथ सूक्ष्म व्यायाम, उत्तानपादासन, नौकासान, पवनमुक्तासन, पादांअंगुष्ठस्पर्शासन , मंडूकासन जैसे प्रमुख आसनों का अभ्यास कराया जाएगा। शिविर संचालक सदिश उपाध्याय ने समस्त विद्यालयो के प्राचार्य एवं खेल शिक्षकों से अनुरोध किया है कि वे प्रतिभागियों को योग प्राणायाम प्रारंभ होने के 10 मिनट पूर्व योग स्थल पर खाली पेट उपस्थित होने हेतु निर्देशित करें। योग सत्र में विशिष्ट प्रदर्शन करने वालों योग साधकों विद्यार्थियों एवं अभिभावकों को पतंजलि योग समिति की निशुल्क सदस्यता दी जाएगी।
