मोबाईल से आई पी एल में ऑनलाइन सट्टा खेल रहे दो युवक चढ़े पुलिस के हत्थे।

कोरिया पुलिस ने दो अलग-अलग प्रकरणो में दबिश देकर हिरासत में लिए 02 सटोरिए।

सुरेन्द्र मिनोचा

बैकुंठपुर/कोरिया :- पुलिस अधीक्षक कोरिया सूरज सिंह परिहार द्वारा जिले में संचालित अवैध कारोबार पर अंकुश लगाकर लगातार कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया है।जिसको अमली जामा पहनाते हुए मुखबिर की सूचना पर साइबर सेल बैकुंठपुर की टीम द्वारा थाना सोनहत क्षेत्र अंतर्गत कटगोड़ी मुख्य बाजार के पास अवैध रूप से सटोरियों को आईपीएल में ऑनलाइन सट्टा खेलते हुए पकड़ा गया है।

शनिवार 04 मई 2024 को साइबर सेल बैकुंठपुर में मुखबिर से सूचना मिली कि कटगोड़ी के मुख्य बाजार के पास दो लोग सार्वजनिक स्थान पर अपने मोबाईल पर ऑनलाइन सट्टा खेल रहें है, जिसकी सूचना पर तत्काल मुखबिर के बताए स्थान पर जाकर रेड कार्यवाही किया गया। जहां मौके पर दो अलग – अलग प्रकरणो में 02 सटोरियों रूद्र प्रसाद साहू आ. बिहारी राम साहू उम्र 35 वर्ष निवासी कटगोड़ी, थाना सोनहत एवं विनोद मोदी आ. विष्णुदेव मोदी उम्र 44 वर्ष निवासी कटगोड़ी, थाना सोनहत द्वारा ऑनलाइन IPL में पैसा लगाकर हार-जीत का दांव सट्टा खेला जा रहा था।

कोरिया पुलिस द्वारा घेराबंदी कर कुल 02 सटोरियों के पास से 02 नग मोबाईल कीमत लगभग 30000 एवं 7000 रूपये तथा स्क्रीनशॉट की छायाप्रति जप्त कर दोनों आरोपियों के विरुद्ध जुआ प्रतिषेध अधिनियम 2022 के तहत थाना सोनहत में अपराध पंजीबद्ध कर गिरफ्तार किया गया।