विद्यालय के सहायक- सहायिकाओं का किया गया सम्मान।
सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़/एमसीबी :- “कर मेहनत को सलाम
हम मजदूर है मजबूर नहीं”
दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल, मनेंद्रगढ़ शिक्षा के साथ अपनी सभ्यता और संस्कृति का भी पूरा ख्याल रखता है।
मजदूर दिवस के अवसर पर उपरोक्त वर्णित उक्तियों को चरितार्थ करते हुए मनेंद्रगढ़ के सुप्रसिद्ध दिल्ली वर्ल्ड पब्लिक स्कूल परिवार ने पूरे साल छात्र- छात्राओं के लिए विद्यालय परिसर को सुरक्षित और स्वच्छ रखने में उनके अथक परिश्रम के लिए सभी सहायक कर्मचारियों को धन्यवाद दिया।विद्यालय के माध्यमिक कक्षाओं की समन्वयक रश्मिन्दर कौर चावला ने कहा कि हमारा मानना है कि हमारे विद्यालय के सहायक- सहायिकाओं की अपनी गरिमा और उनका अपना विशेष महत्व है।

डीडब्ल्यूपीएस ने उनके सम्मान में “श्रम दिवस” मनाया है। सभी ने सहयोगी कर्मचारियों का गर्मजोशी से स्वागत किया । विद्यालय के प्राथमिक कक्षाओं की समन्वयक पूनम तिवारी ने भी सभी को सहर्ष धन्यवाद व्यक्त करते हुए कहा कि “इतने कठिन परिश्रम के बाद भी इनकी मुस्कान बनी रहती है, जिसे देख हमारा भी मनोबल बढ़ता है।”हमारा मानना है कि सबसे बड़ी प्रशंसा शब्दों में नहीं बल्कि उनके अनुसार जीना है।

प्राचार्य डॉ. बसंत कुमार तिवारी द्वारा मजदूर दिवस का महत्व बताया गया। उन्होंने कहा कि कर्मचारियों के योगदान के बिना विद्यालय और छात्रों की प्रगति संभव नहीं है। उनका धन्यवाद ज्ञापन करते हुए विद्यालय की निदेशिका श्रीमती पूनम सिंह ने कहा कि “इनके बिना हम विद्यालय की कल्पना भी नहीं कर सकते, सबसे पहले आना और अंत में जाना, ये विद्यालय के रक्षक हैं। ” इसके बाद जहां एक ओर विद्यालय के सभी शिक्षक एवं शिक्षिकाओं ने सहायक कर्मचारियों को पुष्पगुच्छ तथा मिठाई देकर सम्मानित किया, वहीं दूसरी ओर विद्यालय के छात्र – छात्राओं ने अपने जेब खर्च से अपने अपने घरों में कार्यरत घरेलू सहायक- सहायिकाओं को उपहार देकर उन्हें अपनेपन का हार्दिक अहसास कराया।

गौरतलब है कि बढ़ती गर्मी को मद्देनजर रखते हुए आकस्मिक विद्यालय अवकाश के शासकीय आदेश का अनुपालन करने हेतु Shorts वर्ल्ड पब्लिक स्कूल की कक्षाएं आनलाईन ही संचालित हो रही हैं। इसीलिए इस बार विद्यालय के नौनिहालों ने अपने अपने घरों से ही कर्मियों के प्रति अपनी भावनाओं का इजहार किया।
