लोहे का धारदार हथियार चापड लहराते एक युवक गिरफ्तार।

आरोपी के विरुद्ध पूर्व में भी 02 मामले है पंजीबद्ध।

कोरिया पुलिस सतत निगाह रख, कर रही है सघन कार्यवाही।

सुरेन्द्र मिनोचा

बैकुंठपुर/कोरिया :- आगामी लोकसभा चुनाव 2024 के मद्देनजर जिले में शांति व्यवस्था बनाए रखने हेतु कोरिया पुलिस द्वारा लगातार असामाजिक तत्वों के विरुद्ध कार्यवाही की जा रही है। विदित हो कि पुलिस अधीक्षक कोरिया द्वारा जिला कोरिया अंतर्गत अपराधो में कमी लाने हेतु युद्धस्तर पर कार्यवाही करने हेतु जिले के सभी थानों को निर्देशित किया गया है।जिसके परिपालन में शुक्रवार 29 मार्च 2024 को थाना चरचा से उनि. अब्दुल मुनाफ़ स्टॉफ सहित आ. अमित भारद्वाज, म.आ. रंजना एवं सै. राजेश के साथ आबकारी एक्ट एवं गिरफ्तारी वारंट हेतु देहात रवाना हुए थे। जैसे ही वह ग्राम सरडी पहुंचे तो मुखबिर से सूचना मिली कि जूनापारा तिराहा के पास एक व्यक्ति लोहे का धारदार हथियार चापड़ लेकर लहरा रहा है, जिससे आमजन काफी भयभीत है। उक्त सूचना से पुलिस अधीक्षक कोरिया को तत्काल अवगत कराया गया, जिस पर एसपी कोरिया द्वारा तत्काल वैधानिक कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया।

थाना चरचा की टीम मौक़े पर सरडी खालपारा चौक के पास पहुंची, जहां पर रोहित राजवाड़े आ. मोतीलाल राजवाड़े उम्र 20 वर्ष निवासी सरडी, खालपारा थाना चरचा नामक व्यक्ति अपने हाथ में धारदार लोहे की चापड़ लेकर लहरा रहा था।जिसे पुलिस टीम द्वारा पकड़कर हथियार को अपने कब्जे में लेकर उक्त आरोपी को गिरफ्तार किया गया।आरोपी के विरुद्ध थाना चरचा में धारा 25, 27 आर्म्स एक्ट के तहत अपराध पंजीबद्ध कर आरोपी को हिरासत में लिया गया है एवं उसे न्यायिक रिमांड पर जिला जेल बैकुंठपुर दाखिल किया गया है।

कोरिया पुलिस की सक्रियता से गंभीर अप्रिय घटना होने से टल गई।इसके पूर्व भी आरोपी के विरुद्ध थाना चरचा में 02 मामले मारपीट के दर्ज हैं, जो प्रकरण न्यायालय में पेश है तथा विचाराधीन है। कोरिया पुलिस द्वारा असामाजिक तत्वों पर सतत निगाह रखकर सघन कार्यवाही की जा रही है।