कलेक्टर की अध्यक्षता में जिला स्तरीय परामर्शदात्री सलाहकार की समीक्षा बैठक।

आशा श्रीवास्तव ब्यूरो चीफ बालोद
बालोद :- कलेक्टर इन्द्रजीत सिंह चन्द्रवाल की अध्यक्षता में आज आमसंयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में जिला स्तरीय परामर्शदात्री सलाहकार एवं समीक्षा समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में कलेक्टर  चन्द्रवाल ने जिले के सभी बैंकर्स को आम लोगों के बैंकिंग संबंधी समस्याओं का निराकरण प्राथमिकता के साथ करने के निर्देश दिए हैं। जिससे की आम जनता एवं खाता धारकों को बैंक से संबंधित कार्यों को समय-सीमा में पूरा करने में किसी भी प्रकार की कठिनाईयों का सामना न करना पड़े। इस दौरान उन्होंने जिले के सभी बैंकर्स को विद्यार्थियों को शिक्षा लोन के अलावा जरूरतमंद लोगों को छोटे-मोटे व्यवसाय स्थापित करने तथा अन्य जरूरी कार्यों के लिए प्राथमिकता के साथ ऋण स्वीकृत करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत की मुख्य कार्यपालन अधिकारी डाॅ. रेणुका श्रीवास्तव, भारतीय रिजर्व बैंक के जिला अग्रणी अधिकारी  सुशील सहाड़े, जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक  प्रणय दुबे सहित विभिन्न बैंकों एवं संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।

बैठक में  चन्द्रवाल ने बैंकवार शिक्षा लोन के अंतर्गत स्वीकृत प्रकरणों की समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने जिले में वार्षिक साख योजना की उपलब्धि की समीक्षा के अलावा शासन द्वारा प्रायोजित विभिन्न योजनाओं की प्रगति की भी विस्तृत समीक्षा की। इसके अंतर्गत  चन्द्रवाल ने प्रधानमंत्री स्वनिधि योजना, प्रधानमंत्री मुद्रा योजना, प्रधानमंत्री रोजगार सृजन कार्यक्रम, राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन, राष्ट्रीय शहरी आजीविका मिशन, स्टैण्डअप इंडिय, मुख्यमंत्री युवा स्वरोजगार योजना के साथ-साथ अंत्यावसायी, अंत्योदय एवं आदिवासी स्वरोजगार योजना के कार्यों की विस्तृत समीक्षा की। इसके अलावा उन्होंने प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना एवं प्रधानमंत्री जन धन योजना अंतर्गत खोले गए खातों में आधार तथा मोबाईल नंबर सीडिंग एवं रुपे कार्ड की वितरण की भी समीक्षा की।