
सुरेन्द्र मिनोचा
एमसीबी :- मनेंद्रगढ़ नगरी की शान छत्तीसगढ़ महतारी की बेटी भजन गायिका जसमीत कौर ने
मशहूर सिंगर मीका सिंह के साथ अपना जन्मदिन उनके निवास पर मनाया एवं एक गुरु के रूप में उनसे आशीर्वाद प्राप्त किया।मीका सिंह से मुलाकात के दौरान जसमीत ने उन्हें अपने द्वारा गाए गए भजन की एल्बम भी दिखाई, जिसकी मीका सिंह ने काफी सराहना की एवं जसमीत की गायकी से प्रभावित हुए।उन्होंने जसमीत के उज्जवल भविष्य की कामना करते हुए कहा कि आप इसी तरह अपना नाम रोशन करते रहिए, आपका संघर्ष ही आपको संवारेगा एवं आपके जीवन के हर पलों को और भी निखारेगा।वहीं मीका सिंह ने जसमीत के भविष्य को लेकर भी विस्तार से चर्चा की और उन्हें संगीत के सुर ताल के बारे में बारीकी से समझाया एवं कहा कि हमें आप पर गर्व है, आप में इतनी प्रतिभा छुपी हुई है, इस प्रतिभा से आप हमारे पंजाबी समाज एवं अपने राज्य का नाम रोशन कर रही हैं।जसमीत ने मीका जी को बताया कि जिस तरह समाज में ये चलन है कि सिर्फ लड़के ही बाहर निकल कर आगे बढ़ कर नाम कर सकते है, परंतु मैं समाज को यह दिखाना चाहती थी कि लड़कियां भी किसी भी क्षेत्र में लड़कों से पीछे नहीं है, क्योंकि मुझे गायकी से लगाव है इसलिए मैं इसी दिशा में आगे बढ़ती रही और समाज को यह दिखा दिया कि एक छोटे से शहर की बेटी भी अपनी कला प्रतिभा से अपना नाम ऊंचे स्तर पर कर सकती है।यदि हौसलों में उड़ान हो तो सफलता किसी के भी कदम चूम सकती है।मीका सिंह जसमीत की इस बात से बेहद खुश हुए एवं भविष्य में उन्हे हर संभव मदद देने का आश्वासन देते हुए कहा कि आपकी प्रतिभा पर हमे नाज है,आपकी इस कड़ी मेहनत और बेहतरीन गायकी से पूरा छत्तीसगढ़ गौरवान्वित है।
