भाजपा करें विचार परिवर्तन यात्रा को क्यों नहीं मिला जनसमर्थन – राशि महिलांग।


महासमुंद :- कांग्रेस नेत्री व नगर पालिका अध्यक्ष  राशि त्रिभुवन महिलांग ने भाजपा की परिवर्तन यात्रा को जनसमर्थन नहीं मिलने और केंद्रीय नेताओं का आगमन नहीं होने से भाजपा पर तंज कसा है।  राशि महिलांग ने कहा परिवर्तन यात्रा को हरी झंडी दिखाने के लिए गृहमंत्री अमित शाह और केंद्रीय मंत्री स्मृति ईरानी आने वाली थी। पर यात्रा के लिए या तो भाजपा नेता भीड़ ही नहीं जुटा पाए या फिर जनता का पर्याप्त जनसमर्थन नहीं मिला इसलिए दोनों ही नेताओं ने अपना दौरा स्थगित कर दिया। इससे यह साबित हो गया है कि भाजपा की परिवर्तन यात्रा को जनता ने एक सिरे से नकार दिया है। यह जनता की ओर से भाजपा के लिए बाउंसर बाल था। जनता भी जान गई है कि भाजपा की कथनी और करनी में कितना अंतर है। ये केवल जुमलेबाजी करने वाली पार्टी है जो सत्ता पाने के लिए वादे कम और जुमले बाजी ज्यादा करती है। इसलिए तो जनता ने भाजपा के परिवर्तन यात्रा में उपस्थित नहीं होकर अपना जवाब चुनाव से पहले ही दे दिया है। जनता बेहतर तरीके से जान चुकी है कि कांग्रेस की भूपेश सरकार ने जो चुनावी घोषणा पत्र में कहा था उसे पांच साल के भीतर पूरा भी किया है। भूपेश बघेल जनता से किए हुए अपने हर वादे पर खरी उतरी है। भूपेश सरकार में किसानों को उनके उपज की पूरी कीमत मिल रही है। किसानों को अब 2640 रुपए प्रति क्विंटल मिल रहा है। अब प्रति एकड़ 20 क्विंटल खरीदी करेगी। भाजपा राज में होने वाली किसान आत्महत्या का दौर भी अब बंद हो गया। कांग्रेस सरकार में 20 लाख किसानों के दस हजार करोड़ की कर्जमाफी हुई। रमन राज में बंद सरकारी भर्तियों में परिवर्तन कर भूपेश सरकार ने पांच साल में एक लाख सरकारी नौकरियों में पद निकाले है ।