
बीजापुर :- सूक्ष्म लघु और मध्यम उद्यम मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा क्रियान्वित पीएम विश्वकर्मा योजना का शुभारंभ 11 सितम्बर 2023 को देश के प्रधानमंत्री नरेन्द्र मोदी के द्वारा किया गया है। पीएम विश्वकर्मा योजना के अंतर्गत देश के पारंपरिक शिल्पकारों और कारीगरों की पहचान कर उन्हें कौशल उन्नयन कार्यक्रमों के माध्यम से कौशल विकास प्रशिक्षण कराना, उनकी योग्यता विकसित करना तथा क्षमता और उत्पादकता बढ़ाने के लिए आधुनिक औजार / टूलकिट उपलब्ध करते हुए विश्वकर्मा प्रमाण पत्र एवं पहचान पत्र प्रदाय कर संपार्शिक मुक्त ऋण (Collateral free loan) प्रदान करना तथा उन्नति के लिए विभिन्न बाजारों से जोड़ना है।
योजना के तहत प्रारंभिक 18 प्रकार के व्यापार जिसमें बढ़ई, नाव बनाने वाला, असकार, लोहार, लौहे के औजार निर्माता, तालासाज, सोनार, कुम्हार, मूर्तिकार, संगतराश, चर्मकार जूते बनाने वाले, राजमिस्त्री, झाडू एवं पैरदान बनाने वाले, गुडिया एवं खिलौने बनाने वाले, नाई, मालाकार, धोबी, दर्जी, मछली पकड़ने का जाल निर्माता आदि को सम्मिलित किया गया है। योजना का लाभ लेने हेतु आवश्यक दस्तावेज आधार कार्ड, मोबाईल नंबर, बैंक विवरण, राशन कार्ड के साथ आवेदक पंजीकरण तिथि को न्यूनतम आयु 18 वर्ष का हो, हितग्राही राज्य या केन्द्र सरकार की किसी भी स्वरोजगार अंतिम 5 वर्ष में ऋण न लिया हो। योजना में परिवार के किसी एक सदस्य को ही लाभ दिया जायेगा एवं सरकारी सेवा में कार्यरत व्यक्ति और उसके परिवार के सदस्य पात्र नहीं होंगे। पीएम विश्वकर्मा योजना का पंजीकरण हेतु सीएससी के माध्यम से / पीएम विश्वकर्मा योजना पोर्टल / मोबाईल एप पर आधार आथेंटिकेशन के माध्यम से किया जायेगा। पंजीकरण उपरांत कौशल विकास विभाग के माध्यम से प्रशिक्षण दिया जाकर 15 हजार रूपये का टूलकिट एवं डिजिटल लेनदेन के लिए इंसेंटिव और मार्केटिंग सुविधा दिया जायेगा तथा पंजीकृत हितग्राहियों को पीएम विश्वकर्मा प्रमाण पत्र और आईडी कार्ड तथा प्रशिक्षित हितग्राहियों को प्रथम चरण में 1 लाख एवं द्वितीय चरण में 2 लाख तक कोलाट्रल मुक्त ऋण 5 प्रतिशत की ब्याज दर पर बैंक के माध्यम से प्रदाय किया जावेगा। अधिक जानकारी के लिए कार्यालय जिला व्यापार एवं उद्योग केन्द्र बीजापुर और कार्यालय, कौशल विकास प्राधिकरण बीजापुर में सम्पर्क कर सकते हैं।
