सुरेन्द्र मिनोचा
मनेन्द्रगढ़ :- नगर के प्रतिष्ठित विद्यालय विजय इंग्लिश मीडियम हायर सेकेण्डरी स्कूल में शिक्षक दिवस के अवसर पर विभिन्न प्रकार के कार्यक्रम आयोजित किए गए।कार्यक्रम का आरंभ कार्यक्रम के अतिथियों एवं संस्था के प्राचार्य इन्द्रा सेंगर के द्वारा माता सरस्वती एवं डाॅ0 सर्वपल्लीराधाकृष्णन के चित्र पर माल्यार्पण और दीप प्रज्वलन के साथ हुआ।मुख्य अथिति सेवा निवृत्त प्रधान पाठक, प्राथमिक शाला बुंदेली परमेश्वर सिंह, सेवा निवृत्त व्याख्याता संतोष गुप्ता एवं सेवा निवृत्त प्राचार्य सरस्वती कन्या महाविद्यालय मनेन्द्रगढ़ निरंजन सिन्हा एवं सेंट पैट्रिक एकेडेमी की व्याख्याता वीणा सिन्हा रहे।संस्था के सचिव संजय सेंगर, संस्था प्राचार्य इंद्रा सेंगर, संस्था के शिक्षक राम मनोहर शाह एवं शिक्षिका अरूणिमा सिंह ने अतिथियों का स्वागत तिलक लगा शाॅल प्रदान कर किया।सभी अतिथियों ने अपने सम्मान के लिए संस्था के शिक्षकों एवं विद्यार्थियों के साथ संस्था के प्रति अपना आभार व्यक्त किया। परमेश्वर सिंह ने डाॅ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णनन को याद करते हुए कहा कि शिक्षकीय कार्य न सिर्फ लोक सेवा का कार्य है बल्कि राष्ट्रसेवा का कार्य भी है। शिक्षक या गुरु ही हमें जीवन का सही मार्ग दिखाता है।उन्होनें बच्चों को संबोधित करते हुए कहा कि माता-पिता बड़ी अपेक्षाओं के साथ आप लोगों की शिक्षा के लिए मेहनत करते हैं अतः आप अपने माता-पिता की भावनाओं का ध्यान रखें और अपना अध्ययन या अपनी मेहनत को यह मान कर करें कि आप जो कुछ भी कर रहे हैं वह अपने लिए नहीं बल्कि अपने समाज और अपने देश के लिए कर रहे हैं।

संतोष गुप्ता ने भी गुरु के महत्व को बताया उन्होने कहा कि गुरू के पद की महानता को इस बात से समझा जा सकता है कि जिन्हें हम अपना भगवान कहते हैं उन्हें भी गुरु की आवश्यकता पड़ी थी। हम तो सिर्फ इंसान हैं हमें तो अपने गुरुओं के प्रति समर्पित होना ही चाहिए।निरंजन सिन्हा ने कहा कि संसार के पहले गुरु माता पिता ही होते हैं। उन्होनें भी गुरु की महत्ता को बताते हुए कहा कि गुरु या शिक्षक के बिना हम एक सभ्य समाज की कल्पना भी नहीं कर सकते।अतः आप सभी को अपने माता-पिता और गुरु का सम्मान करना चाहिए।

प्राचार्या इन्द्रा सेंगर ने शिक्षक दिवस के अवसर पर डाॅ0 सर्वपल्ली राधाकृष्णन को याद करते हुए उनके जीवन चरित्र व कार्यो के बारे में बताया। साथ ही अपने अतिथियों के प्रति आभार व्यक्त करते हुए कार्यक्रम के सफल संचालन के लिए संस्था के विद्यार्थियों को बधाई व धन्यवाद प्रेषित किया।उल्लेखनीय है कि विद्यालय में आयोजित यह पूरा कार्यक्रम विद्यालय समिति एवं कक्षा बारहवीं के विद्यार्थियों ने तैयार किया था।जिसमें संस्था के शिक्षकों का स्वागत तिलक लगाकर किया गया।विद्यार्थियों ने शिक्षकों के कार्यशैली व व्यवहार पर आधारित टायटल भी उनको प्रदान किया।विद्यार्थियों ने अपने शिक्षकों के लिए विभिन्न प्रकार के खेल-कूद आयोजित करवाये जिसमें हिस्सा लेकर शिक्षकगण भी आनंदित हुए।पूरे कार्यक्रम में मंच का सफल संचालन कनक ताम्रकार, रोहित राज गुप्ता और तरूण ताम्रकार ने किया।संस्था के कक्षा बारहवीं के सभी विद्यार्थियों ने इस पूरे कार्यक्रम की रूपरेखा तैयार कर इस कार्यक्रम के सफल संचालन में अपनी महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
