पोटाकेबिन में पदस्थ भृत्य के पति ने किया था दुष्कर्म।

सुकमा :- पोटाकेबिन अधीक्षिका के खिलाफ भी हुआ एफआईआर पोटाकेबिन एर्राबोर में 6 साल की छात्रा के साथ दुष्कर्म करने वाले आरोपी को पुलिस ने पकड़ लिया है। पुलिस ने बताया कि आरोपी पोटाकेबिन में नियुक्त एक महिला भृत्य का पति है। पुलिस ने करीब 50 लोगों को हिरासत में लेकर बच्ची से आरोपी की पहचान कराई जिसके आधार पर आरोपी को गिरफ्तार किया गया। इसके अलावा मामले को छुपाने के कारण पोटाकेबिन अधीक्षिका के खिलाफ भी मामला दर्ज किया गया। पुलिस से अब तक मिली जानकारी के मुताबिक उक्त मामले से जुड़े आरोपी को पकड़ने के लिए एसपी किरण चव्हाण ने 8 सदस्यीय टीम गठित किया था। टीम ने सायबर सेल की मदद से घटना वाली रात पोटाकेबिन के आसपास एक्टिव मोबाइल नम्बर को खंगाला। जिसके आधार पर पुलिस ने करीब 50 लोगों को पकड़कर पूछताछ किया। इसके साथ ही सभी को छात्रा के समक्ष खड़ाकर पहचान कराई गई। जिसके बाद छात्रा ने माड़वी हिड़मा उर्फ राजू उम्र 35 वर्ष को पहचाना। जिसके बाद आरोपी ने भी पुलिस के समक्ष अपना गुनाह कबूल किया। पुलिस ने बताया कि आरोपी घटना कारित कर कोन्टा चला गया था जिसे कोन्टा से पकड़कर छात्रा के समक्ष लाया गया और पहचान कराई गई।
एसपी किरण चव्हाण ने बताया कि आरोपी पोटाकेबिन में पदस्थ भृत्य का पति है जिसका संस्था में आना जाना लगा रहता था। जिसके कारण उसे संस्था में आसानी से आने जाने मिल गया साथ वह संस्था के पूर्णतः रूबरू था। जिसका फायदा उठाते हुए शनिवार की रात वह संस्था अंदर प्रवेश किया और घटना को अंजाम दिया। जिस पर धारा 456,363,376(क),(ख),324 भादवि., 4,5(ड),6 पॉक्सो एक्ट के तहत कार्रवाई करते हुए गुरुवार को गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया गया। एसपी ने बताया कि 6 साल की बच्ची से दुष्कर्म के मामले को दबाने और देरी से उच्च अधिकारियों व पुलिस को जानकारी देने के कारण अधीक्षिका हिना खान उम्र 36 के खिलाफ धारा 376 (च) भादवि व धारा 21 पॉक्सो एक्ट के तहत अपराध दर्ज कर विधिवत गिरफ्तार कर कोर्ट में पेश किया जा रहा है।