स्कूल शिक्षा का मंदिर और शिक्षक हमारे भविष्य के निर्माता-छविंद्र कर्मा l 

दंतेवाड़ा :- स्कूल, शिक्षा का मंदिर है तो शिक्षक हमारे भविष्य का निर्माता है। कड़ी मेहनत कर शिक्षक हमें उस मुकाम तक पहुंचता है, जो हम सपने बुनते हैं। उस सपनों को पंख देने हमें भी ईमानदारी और कड़ी लगन से मेहनत करना होगा, तभी हम किसी भी क्षेत्र में अव्वल हो सकेंगे। यह बातें प्रदेश कांग्रेस कमेटी के सदस्य छविंद्र कर्मा ने जिला प्रशासन एवं स्कूल शिक्षा विभाग द्वारा आयोजित जिला स्तरीय शाला प्रवेशोत्सव में बतौर मुख्य अतिथि कही। गीदम के आडिटोरियम एजुकेशन सिटी जावंगा में आयोजित कार्यक्रम की शुरुआत मां दंतेश्वरी, विद्या की देवी मां सरस्वती व छग महतारी की छायाचित्र पर दीप प्रज्ज्वलित कर तथा राज्यगीत के साथ किया गया। वहीं छात्राओं ने सांस्कृतिक कार्यक्रमों की प्रस्तुति दी। इसके पश्चात डीईओ प्रमोद ठाकुर ने प्रतिवेदन प्रस्तुत किया। कार्यक्रम को सम्बोधित करते पीसीसी मेम्बर छविंद्र कर्मा ने कहा कि आज दंतेवाड़ा शिक्षा के क्षेत्र में नए कीर्तिमान रच रहा है। शिक्षकों की कड़ी मेहनत का ही नतीजा है कि आज यहां के बच्चों ने दंतेवाड़ा का नाम राज्य में तीसरे पायदान पर पहुंचाया। छविंद्र कर्मा ने उम्मीद जताई कि आने वाले वर्षों में यहां के बच्चे दंतेवाड़ा का नाम प्रदेश में पहले पायदान में पहुंचाकर जिले का नाम रोशन करेंगे। उन्होंने कहा कि माता-पिता के बाद शिक्षक हमारे भविष्य के निर्माता है और उनके सम्मान में हमें पूरी ईमानदारी व लगन के साथ केवल व केवल पढ़ाई का लक्ष्य रखना है। क्योंकि शिक्षक हमें हमारे सपनों को पूरा करने में अहम भूमिका निभाता है। नव प्रवेशी बच्चों के उज्जल भविष्य की कामना करते छविंद्र कर्मा ने निरन्तर आगे बढ़ने के साथ ही माता-पिता, शिक्षकों, गांव व जिले का नाम रोशन करने का आशिर्वाद दिया। कार्यकम में अन्य वक्ताओं ने भी बच्चों को मन लगाकर मेहनत करने का आशीर्वचन दिया। कार्यक्रम के दौरान अतिथियों ने नीट, जेईई में चयनित व 10वीं-12 वीं में टॉप टेन में स्थान बनाने वाले छात्र- छात्राओं को सम्मानित किया। अंत में 210 छात्राओं को साइकिल वितरण किया गया। कार्यक्रम में मंच संचालन मधु उइके ने किया। इस दौरान सेन समाज के जिलाध्यक्ष विद्यानंद सेन, जिपं सदस्य रामु नेताम, गीदम नगर पालिका अध्यक्ष साक्षी रविश सुराना, गीदम जनपद अध्यक्ष अंति वेक, जिपं सदस्य मालती नंदलाल मुडामी, पायके मरकाम, संगीता नेताम, समाज सेवी रविश सुराना तथा डीईओ प्रमोद ठाकुर, सहायक संचालक अहिल्या ठाकुर, डीएमसी एसएल सोरी, मंडल संयोजक दीपेंद्र शर्मा, बीईओ शेख रफीक, बीना गौतम, बीआरसी जितेंद्र शर्मा, आरसी नागेश, प्रमोद कर्मा, मोहंती, समस्त सीएससी समेत शिक्षक- शिक्षिकाएं व बच्चे मौजूद थे।