कलेक्टर नरेंद्र दुग्गा ने किया खड़गवां विकासखंड का मैराथन दौरा।

कलेक्टर दुग्गा ने बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन का लिया स्वाद।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ :- कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुग्गा मंगलवार को खड़गवां विकासखंड के शासकीय कार्यालयों के औचक निरीक्षण पर पहुँचे।सर्वप्रथम कलेक्टर दुग्गा खड़गवां विकासखंड के बघौरापारा आंगनबाड़ी केंद्र पहुँचे।उन्होंने केंद्र में विभिन्न पंजियों का अवलोकन किया। बच्चों को गुणवत्तापूर्ण पोषण आहार उपलब्ध कराने के लिए कहा।ग्राम पंचायत कोड़ा में उन्होंने निर्माणाधीन पंचायत भवन, पीडीएस भवन और सहकारी समिति का निरीक्षण किया।पचायत भवन में उन्होंने पेवर ब्लॉक लगाने और परिसर में वृक्षारोपण करने एवं पीडीएस भवन में स्टॉक की उपलब्धता और मूल्य सूची प्रदर्शित करने के निर्देश दिये।सहकारी समिति में किसानों को खाद बीज की उपलब्धता के संबंध में पूछताछ की।

जगह की कमी को देखते हुए कलेक्टर दुग्गा ने एक गोदाम बनाने और किसानों की सुविधा के लिए एक एटीएम लगाने हेतु निर्देशित किया।उन्होंने कहा कि सभी किसानों का केसीसी कार्ड प्राथमिकता से बने।इसके पश्चात कलेक्टर ग्राम पंचायत मेंड्रा के गौठान पहुँचे।गौठान में बन रहे वर्मी खाद का उठाव तेज़ी से करने और बाड़ी विकास के कार्य करने के लिये उन्होंने अधिकारियों को निर्देशित किया।तत्पश्चात देवाडाण्ड में निर्माणाधीन कन्या छात्रावास का निरीक्षण करने पहुँचे।

उन्होंने गुणवत्तापूर्ण निर्माण कार्य के लिये अधिकारियों को निर्देशित किया।इस दौरान उन्होंने शासकीय उच्चतर माध्यमिक विद्यालय का निरीक्षण किया। कलेक्टर ने कक्षा में जाकर छात्रों से बात की तथा विद्यालय परिसर में प्रयोगशाला कक्ष और लाइब्रेरी का निरीक्षण किया। विद्यालय की व्यवस्था से कलेक्टर ने नाराज़गी ज़ाहिर करते हुए जल्द से जल्द स्कूल की व्यवस्था सुधारने के निर्देश दिये।इसके बाद कलेक्टर दुग्गा प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र सलका पहुँचे,जहां उन्होंने प्रतिदिन की ओपीडी और दवाई की उपलब्धता के संबंध में जानकारी प्राप्त की एवं पुरुष वार्ड और महिला वार्ड में जाकर मरीजों से हाल चाल पूछा और बेहतर इलाज के लिए डॉक्टर को निर्देशित किया।हॉस्पिटल के सुव्यवस्थित संचालन और परिसर की हरियाली देखकर कलेक्टर खुश हुए।जिसके लिए उन्होंने डॉक्टर को शाबाशी दी।इसके पश्चात कलेक्टर प्राथमिक शाला सकड़ा पहुँचे।शाला परिसर में बच्चों ने अलग अलग फलदार पौधे लगाये थे।परिसर में लगाये गये पौधों के बारे में कलेक्टर ने बच्चों से बात की व स्कूल की सभी कक्षाओं में जाकर छात्रों से पढ़ाई के संबंध में जानकारी ली। कलेक्टर दुग्गा ने स्कूल में बच्चों के साथ मध्याह्न भोजन का भी स्वाद लिया तथा परिसर में एक अतिरिक्त कक्ष, शेड और मैदान बनाने के लिये संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया।निरीक्षण के दौरान एसडीएम नयनतारा तोमर, जिला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा,जनपद सीईओ सी एस शर्मा, विकासखंड शिक्षा अधिकारी जितेंद्र गुप्ता, खेल अधिकारी गोपाल सिंह, जनप्रतिनिधि तथा अन्य अधिकारी कर्मचारी उपस्थित रहे।