कलेक्टर दुग्गा ने मौसमी बिमारियों से बचाव एवं रोकथाम के लिए शिविर लगाने के दिये निर्देश दिव्यांग जोड़े को निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना का लाभ दिलाने त्वरित कार्यवाही के निर्देश।

सुरेन्द्र मिनोचा
मनेंद्रगढ़ :-  कलेक्टर नरेंद्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में बुधवार को कलेक्ट्रेट सभाकक्ष में साप्ताहिक समय सीमा की बैठक आयोजित की गई। कलेक्टर दुग्गा ने मुख्यमंत्री भेंट मुलाकात कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री द्वारा की गई घोषणाओं के क्रियान्वयन की जानकारी लेते हुए, स्वीकृत विभिन्न निर्माण कार्यों को समय सीमा में पूर्ण करने के निर्देश दिए। उन्होंने जन चौपाल, जन शिकायत, पीजी पोर्टल के माध्यम से प्राप्त आवेदनों की विभागवार समीक्षा करते हुए समय सीमा में निराकरण करने तथा उच्च न्यायालय के प्रकरणों में समय पर जवाब दावा प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।

कलेक्टर ने शासन की महत्वाकांक्षी गोधन न्याय योजना की समीक्षा करते हुए वन, कृषि और उद्यानिकी विभाग के अधिकारियों से वर्मी कम्पोस्ट खाद हेतु मांग पत्र शीघ्र भेजने के निर्देश देते हुए ,मांग के अनुरूप उठाव करना सुनिश्चित करने को कहा।उन्होंने सहायक पंजीयक सहकारिता से जिले में रासायनिक दुकानों के सम्बंध में जानकारी ली तथा राजस्व अधिकारियों को दुकानों में जाकर लगातार जाँच करने के निर्देश दिये एवं रासायनिक खाद की बिक्री में किसी भी तरह की लापरवाही करने पर कड़ी कार्यवाही करने के निर्देश दिये।उन्होंने निर्धारित समय में कृषकों को खाद-बीज उपलब्ध सुनिश्चित कराने के लिए कहा।कलेक्टर दुग्गा ने मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी को जल जनित व मौसमी बिमारियों की रोकथाम एवं बचाव के लिए लोगो के बीच व्यापक प्रचार-प्रसार करने तथा ग्रामीण क्षेत्रों में लगातार शिविर लगाने के लिए निर्देशित किया।कलेक्टर ने मुख्यमंत्री स्कूल जतन योजना के तहत स्कूलों के जीर्णोद्धार कार्यों के प्रगति की जानकारी ली और जितने भी कार्य पूर्ण हो गए है, उन्हे पोर्टल में अपडेट करने को कहा।बैठक में मनेंद्रगढ़ एसडीएम अभिषेक सिंह, अपर संयुक्त कलेक्टर नयनतारा तोमर, उप जिला निर्वाचन अधिकारी प्रवीण भगत, संयुक्त कलेक्टर अभिलाषा पैकरा, डिप्टी कलेक्टर सी एस पैकरा, अनुविभागीय अधिकारी, तहसीलदार एवं अन्य अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित रहे।

“कलेक्टर जनदर्शन में दिव्यांग जोड़े ने माँगा निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना का लाभ”

समय सीमा की बैठक के पश्चात आयोजित जनदर्शन में 38 लोगों ने विभिन्न शिकायतों और माँग से जुड़े आवेदन कलेक्टर के समक्ष प्रस्तुत किये। कलेक्टर ने सभी विभाग के अधिकारियों को आवेदनों के जल्द निराकरण के निर्देश दिए।जनदर्शन में चिरमिरी निवासी दिव्यांग जोड़े ने निःशक्तजन विवाह प्रोत्साहन योजना का लाभ दिलाने के लिए आवेदन किया।कलेक्टर दुग्गा ने संवेदनशीलता का परिचय देते हुए तत्काल समाजकल्याण विभाग के अधिकारी को योजना के तहत दोनों के नि:शक्त होने पर 1,00,000/- रुपये मात्र(एकमुश्त) दिलाने के लिए काग़ज़ी कार्यवाही पूर्ण कर योजना का लाभ दिलाने के निर्देश दिये। कलेक्टर के त्वरित पहल से दिव्यांग जोड़ा खुश हुआ।उन्होंने कलेक्टर को धन्यवाद ज्ञापित किया। इसी तरह से ज़िला शिक्षा अधिकारी अजय मिश्रा को 2 बच्चों को छात्रावास में भर्ती कराने और उन्हें निःशुल्क शिक्षा दिलाने के लिये आवश्यक निर्देश दिये।

“कलेक्टर दुग्गा ने ली निर्वाचन अधिकारियों की समीक्षा बैठक”

कलेक्टर एवं ज़िला निर्वाचन अधिकारी नरेंद्र कुमार दुग्गा की अध्यक्षता में बुधवार को निर्वाचन से जुड़े अधिकारियों की समीक्षा बैठक आयोजित की गई।बैठक में अधिकारियों को सभी मतदान केंद्रों में मूलभूत सुविधाओं जैसे बिजली, पानी, शौचालय, रैंप आदि की व्यवस्था सुनिश्चित करने एवं मतदान से जुड़े अधिकारियों-कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण सत्र आयोजित करने के निर्देश दिये गए।उन्होंने आवेदन पत्र प्राप्त करने से लेकर जाँच, छँटनी और स्वीकृति के लिए आवश्यक नियम क़ानून की जानकारी प्रशिक्षण में देने के निर्देश दिये।बैठक में अधिकारियों के कार्य विभाजन और दायित्व पर भी चर्चा किया गया।