स्वास्थ्य केंद्रों में तंबाकू निषेध संबंधी कार्यक्रम सम्पन्न।

सुरेन्द्र मिनोचा

मनेंद्रगढ़ :- विश्व तंबाकू निषेध दिवस के अवसर पर बुधवार को कलेक्टर नरेंद्र दुग्गा के निर्देशानुसार एवं मुख्य चिकित्सा एवं स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुरेश तिवारी के मार्गदर्शन में “खाना उगाओ, तंबाकू नहीं” के थीम पर जिले के सभी स्वास्थ्य केंद्रों में तंबाकू निषेध कार्यक्रम आयोजित किया गया। स्वास्थ्य विभाग के अधिकारियों एवं कर्मचारियों के द्वारा तंबाकू के प्रयोग से होने वाली बीमारियों के संबंध में नागरिकों को अवगत कराया गया। तंबाकू से बने उत्पाद जैसे बीड़ी, सिगरेट, गुटका, हुक्का, खैनी आदि में कैंसर उत्पन्न करने वाले तत्व पाए जाते हैं। धूम्रपान एवं तंबाकू खाने से मुंह, गला, श्वास नली ,फेफड़ों का कैंसर भी होता है। इससे दिल की बीमारी, ब्लड प्रेशर, पेट में अल्सर होता है और अनिद्रा जैसे कई प्रकार के रोगो की संभावनाएं होती हैं।

समस्त स्वास्थ्य केंद्रों में प्रभारी अधिकारियों के द्वारा शपथ भी दिलाया गया कि प्रत्येक स्वास्थ्य कर्मचारी अपने आसपास लोगों को जो तंबाकू के आदी हो चुके हैं उनको तंबाकू के दुष्परिणामों को समझाएंगे।साथ ही साथ उनको तंबाकू से निजात पाने का तरीका भी बताएंगे। विश्व तंबाकू निषेध दिवस जिला कार्यक्रम प्रबंधक सुलेमान खान एवं नोडल अधिकारी डॉ कृति चौहान के नेतृत्व में मनाया गया।