करनाल:- बिंदर शर्मा इंद्री

करनाल :- उप पुलिस अधीक्षक शहर वीरसिंह भा.पु.से. की अध्यक्षता में सिटी ट्रैफिक करनाल की टीम द्वारा शहर में बिना हैलमेट के दो पहिया वाहन चलाने वाले वाहन चालकों व यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों को फूल भेंट करके उन्हें दो पहिया वाहन चलाते समय हैलमेट पहनने व अन्य यातायात नियमों की पालना करने के लिए प्रेरित किया गया है। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा शहर के अम्बेडकर चौक, सैक्टर-12 चौक, गिरडा पीर चौक, हांसी चौक, भगवान बाल्मिकी चौक व शहर में अन्य कई जगह पर वाहन चालकों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए जागरूकता अभियान चलाया गया। इस दौरान पुलिस टीमों द्वारा दो पहिया वाहन चलाते समय हैलमेट ना पहने से होने वाली क्षति के बारे में विस्तार से बताया गया और यातायात से संबंधित अन्य नियमों की भी जानकारी दी गई। यातायात नियमों की उल्लंघना करने वाले वाहन चालकों को पुलिस टीमों द्वारा फूल भेंट किए गए और भविष्य में यातायात नियमों की उल्लंघना ना करने के लिए प्रेरित किया गया।

ऐसे वाहन चालकों से उप पुलिस अधीक्षक ने अपील करते हुए कहा कि यातायात नियमों की पालना पुलिस के डर से नही बल्कि अपने अनमोल जीवन को सुरक्षित करने के लिए करनी चाहिए। यातायात नियमों की पालना करके हम अपने जीवन के साथ-साथ दूसरे लोगों के भी जीवन की रक्षा करते हैं। इस अवसर पर उप पुलिस अधीक्षक शहर वीरसिंह, इंचार्ज सिटी ट्रैफिक निरीक्षक रोशनलाल व उनकी टीम मौजूद रही।
