अपनी व दूसरों की सुरक्षा के लिए जरूरी है यातायात नियमों की पालना- एसपी शशांक कुमार सावन l 

करनाल-बिंदर शर्मा इंद्री


करनाल :- पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से लोगों को यातायात नियमों की पालना करने हेतु जागरूक करने के लिए जानकारी देते हुए बताया कि सड़क पर यात्रा करते समय अगर हमें अपनी सुरक्षा सुनिश्चित करनी है और अन्य लोगों को भी सुरक्षित रखना है, तो हमें वाहन चलाते समय यातायात नियमों की पालना करनी अति आवश्यक है। यातायात नियमों की पालना करने से सड़क दुर्घटना की संभावना भी कम होगी और हम सही-सलामत भी रहते हैं। हर स्थिती में लोगों को यातायात नियमों की पालना करनी चाहिए। हमेशा से एक कहावत प्रचलन में है कि “दुर्घटना से, देर भली,” इसलिए अपने वाहन को हमेशा नियंत्रित गति में ही चलाएं। कभी भी नशा करके वाहन ना चलाएं। मुड़ते समय संकेतक लाइट का उपयोग जरूर करें। सड़क पर स्टंट/करतब ना दिखाएं। गलत दिशा में वाहन कदापि ना चलाएं। सड़क पर अपने बांये तरफ वाहन चलाएं और दूसरी तरफ से आ रहे वाहनों को जाने का रास्ता दें। अपने भारी वाहनों को भी हमेशा सड़क की बाई तरफ की लाइनों में ही चलाएं। वाहन चलाते समय मोबाइल फोन का उपयोग ना करें। दो पहिया वाहन चलाते समय हैलमेट का इस्तेमाल करें। गाड़ी में सीट बेल्ट का प्रयोग करें। रात के समय अपने वाहन की लाइट को लो बीम पर करके रखें। ताकि सामने वाले वाहन चालक को किसी भी तरह की परेशानी का सामना ना करना पडे़। इसके अलावा अपने वाहन पर भयानक, तेज आवाज वाले हॉर्न अथवा प्रेशर हॉर्न का इस्तेमाल कभी ना करें। अपने नाबालिग बच्चों को वाहन चलाने के लिए ना दें। पुलिस अधीक्षक महोदय ने आगे जानकारी देते हुए बताया कि अपने वाहन पर वाहन की क्षमता से अधिक सवारी ना बिठाएं। वाहन की क्षमता से अधिक सवारी बिठाकर यात्रा करना अपनी व उनकी सुरक्षा के साथ खिलवाड़ है। खुद व परिवार की सुरक्षा के साथ औरों की सुरक्षा का भी ख्याल रखना जरूरी है। किसी भी दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत भर नहीं होती है, बल्कि उसका पूरा परिवार उजड़ जाता है। यातायात नियमों की अवहेलना करने या लोगों की लापरवाही के कारण आए दिन सड़कों पर दुर्घटनाएं होती रहती हैं। जिसकी वजह से कई बार लोग गंभीर रूप से घायल हो जाते हैं और कई बार उनकी मृत्यू भी हो जाती है। इसी का परिणाम है कि वर्ष 2023 में अब तक जिला करनाल में दुर्घटनाओं के 251 मामले सामने आ चुके हैं। जिनमें 124 लोगों की मृत्यू हुई है और 179 लोग गंभीर या आंशिक रूप से घायल हुए हैं। करनाल पुलिस द्वारा लोगों को यातायात नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए समय- समय पर जागरूकता अभियान चलाया जाते हैं। जिसके तहत लोगों को यातायात नियमों की अवहेलना करने पर होने वाली क्षति के बारे में बारिकी से जानकारी दी जाती है। करनाल पुलिस यातायात नियमों की अवहेलना करने वाले लोगों के खिलाफ भी सख्त कार्यवाई अमल में लाती है। ऐसे वाहन चालकों के चालान किए जाते हैं और नियमों की अवहेलना करने वाले आदतन लोगों के वाहन जब्त भी किए जाते हैं। सड़क पर दुर्घटना होने पर या अन्य किसी प्रकार की पुलिस मदद के लिए हमेशा 112 नम्बर पर कॉल करें। पुलिस आपकी सेवा में 24 घण्टे तत्पर है।