
करनाल:- बिन्दर शर्मा इन्द्री
करनाल :- ऑपरेशन मुस्कान के तहत करनाल पुलिस ने अप्रैल महिने में 20 बच्चों व 69 वयस्कों को परिवार से मिला लौटाई मुस्कान पुलिस अधीक्षक करनाल शशांक कुमार सावन के कुशल मार्गदर्शन में कार्य करते हुए जिला पुलिस की विभिन्न इकाइयों ने 1 अप्रैल 2023 से दिनांक 30 अप्रैल 2023 तक चलाए गए ऑपरेशन मुस्कान के तहत अलग-अलग समय पर गुमशुदा हुए 20 बच्चों व 69 वयस्कों को खोज कर उनके परिवारों से मिलाकर उनके परिवारों में मुस्कान लौटाई। पुलिस अधीक्षक ने प्रेस विज्ञप्ति के माध्यम से जानकारी देते हुए बताया कि जिला पुलिस द्वारा पूरे मई महीने के दौरान शातिर बदमाशों के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। लूट, डकैती, स्नैचिंग, अपहरण और रंगदारी जैसे संगीन अपराध करने वालों पर शिकंजा कसा जाएगा। इसके अलावा गंभीर प्रवृत्ति के अपराधों में संलिप्त आरोपियों जिनमें भगोड़ा घोषित हुए आरोपी, बेल जंपर व पैरोल जंपरों को गिरफ्तार किया जाएगा। जिला पुलिस द्वारा अधिक से अधिक ऐसे आरोपियों को सलाखों के पीछे भेजने का खाका तैयार कर लिया है।हरियाणा पुलिस महानिदेशक प्रशांत कुमार अग्रवाल द्वारा अपराधियों पर अंकुश लगाने के मद्देनजर पूरे साल के लिए प्रदेश भर में अभियान चलाने का एक कैलेंडर जारी किया गया है। इसके तहत हर महीने पूरे राज्य में अलग-अलग अभियान चलाए जाएंगे। इसी क्रम में अप्रैल में प्रदेश भर में ऑपरेशन मुस्कान चलाकर लापता बच्चों व वयस्कों को तलाशा गया था। जारी कैलेंडर के मुताबिक मई महीने में शातिर बदमाशों पर एक्शन होगा। मई महीने के प्रथम दिन से ही जिला पुलिस द्वारा स्नैचिंग, डकैती, फिरौती के लिए अपहरण, जबरन वसूली के अपराधियों और काली कमाई से बनाई गई उनकी संपत्ति के खिलाफ अभियान शुरू किया गया है। इस अभियान के अलावा जिला पुलिस करनाल द्वारा आगामी महीनों में नशा तस्करों, हथियार सप्लाई करने वाले आरोपियों, वाहन चोर गिरोह, साइबर अपराधियों की धरपकड़ के लिए अभियान चलाए जाएंगे। इसके अलावा महिला सुरक्षा के प्रति व यातायात के नियमों के प्रति जागरूक करने के लिए भी अभियान चलाया जाएगा। साथ ही अपराधी गिरोह के खिलाफ विशेष अभियान चलाने की योजना बनाई हुई है। जिसके तहत उनकी प्रॉपर्टी की कुर्की, अतिक्रमण हटाने व बेनामी संपत्ति पर एक्शन लिया जाएगा। करनाल पुलिस की आमजन से अपील है कि उपरोक्त ऑपरेशन से संबंधित किसी अपराधी व्यक्ति के बारे में किसी के पास कोई सूचना है, तो वह व्यक्ति नजदीकी पुलिस थाना, पुलिस चौकी व डायल 112 पर सूचना दे सकते हैं। उनकी सूचना पर आरोपियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी व सूचना देने वाले व्यक्ति की पहचान गुप्त रखी जाएगी।
