कुल्फी बेचने वाले व्यक्ति से छीना झपटी करने वाले दो आरोपी को करनाल पुलिस ने किए गिरफ्तार।

करनाल:-बिन्दर शर्मा इन्द्री


करनाल :- जिला पुलिस करनाल के थाना मधुबन की टीम द्वारा 28 अप्रैल 2023 को जिला करनाल के मुबारकाबाद गांव में कुल्फी बेचने वाले एक व्यक्ति से नगदी छीनने व उसके साथ मारपीट करने वाले दो आरोपियों को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की गई है। 29 अप्रैल 2023 को एएसआई प्रवीण कुमार थाना मधुबन की अध्यक्षता में टीम द्वारा आरोपी सन्नी पुत्र कप्तान व राजवीर उर्फ छोटू पुत्र कृष्ण वासियान गांव मुबारकाबाद जिला करनाल को विश्वसनीय सूचना पर गांव मुबारकाबाद से गिरफ्तार किया गया। पूछताछ में आरोपियों द्वारा खुलासा किया गया कि वह नशा करने के आदी हैं। उन्होंने नशा करने व अपने शौक पूरे करने के लिए कुल्फी बेचने वाले व्यक्ति के साथ मारपीट करके उससे नगदी छीनने की वारदात को अंजाम दिया था। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी सन्नी के खिलाफ पहले भी स्नैचिंग करने का एक मामला दर्ज है। उस मामले में आरोपी गिरफ्तार हो चुका है। आरोपियों के कब्जे से वारदात में छीनी गई आठ हजार रुपए की नगदी बरामद की गई है। इस वारदात के संबंध में 28 अप्रैल 2023 को शिकायतकर्ता अखिलेश पुत्र मोहन महतु वासी वीर राइस मिल घरौंडा ने थाना मधुबन में शिकायत दी। जिसमें उसने बताया कि वह कुल्फी बेचने का काम करता है। 28 अप्रैल को वह कुल्फी बेचने के लिए मुबारकाबाद गांव में गया हुआ था। वहां पर उपरोक्त दोनों आरोपियों ने उससे कुल्फी लेकर खाई। जब शिकायतकर्ता ने उनसे कुल्फी के पैसे मांगे तो आरोपियों ने उसके साथ मारपीट की और उसका काफी नुकसान करके उससे आठ हजार रुपए की नगदी छीन कर मौका से फरार हो गए। इस संबंध में आरोपियों के खिलाफ नामजद थाना मधुबन में धारा 379 बी व 34 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया। दोनों आरोपियों को आज पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।