दो नाबालिग लड़कियों को भगाकर ले जाने वाला आरोपी गिरफ्तार।

सुरेन्द्र मिनोचा:

एमसीबी:- दो नाबालिग लड़कियों को भगाकर ले जाने वाले आरोपी को जनकपुर पुलिस ने शिशूर पुणे महाराष्ट्र से गिरफ्तार करने में सफलता प्राप्त की है तथा आरोपी के पास से दोनों नाबालिग लड़कियों को बरामद कर उनके परिजनों के सुपुर्द कर दिया गया है।
उपरोक्त संबंध में प्राप्त जानकारी के अनुसार दिनांक 09/12/2022 को दो नाबालिग लड़कियों उम्र 17 वर्ष एवं उम्र 06 वर्ष के गायब होने की सूचना थाना जनकपुर को उनके परिजन द्वारा दी गई थी।जिस पर थाना जनकपुर में धारा 363 भा0द0वि० का अपराध पंजीबद्ध कर विवेचना की गई। पुलिस महानिरीक्षक सरगुजा रेंज रामगोपाल गर्ग के निर्देश पर सरगुजा रेंज में महिलाओं व बच्चों के अपराध में तत्काल कार्यवाही करने हेतु निर्देशित किया गया था।
जिसके परिपालन में पुलिस अधीक्षक टी0आर0 कोशिमा जिला एम०सी०बी० छ.ग. के द्वारा जिले में नाबालिग लड़कियों के अपहरण एवं महिलाओं के विरूद्ध दर्ज अपराधों की सवेदनशीलता से विवेचना कर तत्काल बरामद कर आरोपियों को गिरफ्तार
करने के आदेश दिए गए हैं। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक निमेश बैरया के निर्देशन एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी मनेन्द्रगढ़ राकेश कुर्रे के मार्ग दर्शन में निरीक्षक थाना प्रभारी एम0एल0 शुक्ला थाना जनकपुर के द्वारा उपरोक्त अपराध की विवेचना पतासाजी की जा रही थी।उच्च तकनीकी का प्रयोग करते हुए जानकारी एकत्र की गई तो ज्ञात हुआ कि उपरोक्त दोनों नाबालिग लड़कियों को आरोपी दुर्गेश नन्दा पिता विश्राम सिंह नन्दा उम्र 25 वर्ष निवासी राघवपुर थाना शाहपुर जिला डिडोरी म०प्र० 17 वर्ष की नाबालिग लड़की को शादी करने के उद्देश्य से तथा छः वर्ष की लड़की को भगा कर ले जाने की बात छिपाकर रिश्तेदार के यहां जाने की बात प्रयोजित करने हेतु अपने साथ ले गया है। ज्ञात हुआ कि आरोपी दोनों लड़कियों को शिरूर पुणे महाराष्ट्र में रखा है। जिस पर पुलिस पार्टी को परिजनों के साथ थाना प्रभारी द्वारा पुणे भेजा गया,जहां से नाबालिग लड़कियों एवं आरोपी को पकड़कर दिनांक 08/04/2023 को पुलिस थाना जनकपुर लेकर आया गया।जहां लड़कियों को उनका चिकित्सकीय परीक्षण कराकर परिजन के सुपुर्द किया गया तथा आरोपी को धारा 363,366,376 (2) (ढ) भा0द0वि0 4,6 पाक्सो एक्ट के तहत गिरफ्तार कर न्यायिक रिमाण्ड पर भेजा जा रहा है,इस प्रकार 04 माह से अपहृत लड़कियों को पुणे महाराष्ट्र से बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार करने में जनकपुर पुलिस को सफलता मिली है जिससे लड़कियों के परिजनों में खुशी की लहर है। उपरोक्त कार्यवाही मे थाना प्रभारी एम.एल.शुक्ला के अलावा सउनि राजेन्द्र सिंह, प्र.आर. संतोष,आरक्षक ज्ञान प्रकाश लकड़ा तथा महिला आर० प्रियंका पाण्डेय की भूमिका सराहनीय रही।