सड़क निर्माण कार्य हो रहा कछुआ गति से, लोगों में फैल रहा आक्रोश।

नवापारा-राजिम:- कुर्रा से नवापारा पुल तक सड़क चौड़ी करण का कार्य किया जा रहा है। इसके साथ ही सड़क के दोनों किनारे नाली निर्माण का कार्य भी किया जा रहा है। सड़क निर्माण कार्य काफी सुस्त गति से चल रहा है, जिससे इस सड़क पर वाहन चलने से धूल उड़ रहे हैं। सड़क निर्माण कार्य में देरी होने से लोगों में आक्रोश फैल रहा है। इस मार्ग की हालत वर्तमान में इतनी खराब हो चुकी है कि लोगों को इस मार्ग से निकलने में अब भय लगने लगा है वहीं दूसरी तरफ धूल के गुब्बारे उड़ने से मार्ग के आसपास रह रहे लोगों का जीना दुस्वार हो गया है।


सड़क निर्माण में सुस्ती के साथ अनियमितता- नेता मोहन चक्रधारी ने कहा कि आमजन की सुविधा के लिए लोक निर्माण विभाग अभनपुर उपसंभाग द्वारा 22 करोड़ की लागत से लगभग 5 किलोमीटर चौड़ीकरण सड़क निर्माण कराया जा रहा है। इससे शहर में जाम के हालात उत्पन्न नहीं हों। लेकिन वर्तमान में सड़क निर्माण में सुस्ती के साथ अनियमितता देखी जा रही है। सड़क निर्माण में गुणवत्ता का एकदम ख्याल नही रख कर जैसे तैसे सड़क का निर्माण कार्य किया जा रहा है। कार्य की इस स्थिति को देखकर लोगों में विभाग के प्रति रोष व्याप्त है। वहीं जिस कछुआ गति से सड़क निर्माण कार्य चल रहा है। निर्माण कार्य के चलते मार्ग से गुजरना तो दूर मार्ग के बारे में सोचकर ही मन में भय सा उत्पन्न हो जाता है। इतना ही नहीं मार्ग की बदहालता के चलते आए दिन इस मार्ग पर छुटपुट हादसे होते रहते हैं। चक्रधारी ने बताया कि राजमार्ग होने के कारण दिनभर गाड़ियों को आवाजाही बनी रही है। सड़क का निर्माण कार्य होने के चलते जगह-जगह गड्ढे हो गए हैं, जिसके कारण बाइक चलाने और पैदल यात्रियों को काफी परेशानी होती है।
अत्यधिक मात्रा में उड़ने लगी धूल- नेता मोहन चक्रधारी ने कहा कि सड़क पर वाहन गुजरने के दौरान धूल अत्यधिक मात्रा में उड़ने लगी है। इससे वाहन चालकों और पैदल चलने वाले लोगों को काफी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। धूल के कारण लोगों को वाहन चलाने में दिक्कत का सामना करना पड़ रहा है। इसके साथ ही सड़क किनारे दुकान खोले दुकानदार भी बहुत परेशान हो रहे हैं।
स्ट्रीट लाइट बंद शाम होते ही घनघोर अंधेरा- मोहन चक्रधारी ने कहा कि मुख्य मार्गों में स्ट्रीट लाइट बंद होने के कारण शाम होते ही घनघोर अंधेरा छा जाता है। नगर पालिका प्रशासन की अनदेखी व निष्क्रियता के चलते यहां आए दिन हादसे हो रहे हैं। अंधेरी सड़कों में आवारा मवेशियों का भी जमावड़ा बना रहता है। ऐसे में वाहन चालक हादसे का शिकार हो रहे हैं। रायपुर और गरियाबंद जिलों को जोड़ने वाली इस मार्ग में भी महीनों से स्ट्रीट लाइट बंद पड़ी है। इसका खामियाजा शहरवासियों और इस मार्ग पर चलने वाले वाहन चालकों को भुगताना पड़ रहा है। आप नेता ने कहा कि अंधेरे में सड़क पर लाइट न होने के कारण कई बार दोपहिया वाहन चालकों को गड्ढे का अंदाजा नहीं होता। ऐसे में उनकी बाइक फिसलकर अनियंत्रित हो जाती है। मुख्य मार्ग होने की वजह से बड़ा हादसा होने की आशंका बनी रहती है। वहीं स्ट्रीट लाइट न जलने से सबसे ज्यादा परेशानी पैदल जा रहे लोगों को होती है।