
कांकेर:- जिले के धुर नक्सल प्रभावित क्षेत्र के आलपरस के नजदीक 9 गाड़ियों में नक्सलियों ने आगजनी की है। बताया जा रहा है कि क्षेत्र में बिना पुलिस को सूचना दिए सड़क निर्माण का कार्य किया जा रहा था, एक बार फिर ठेकेदार और पीएमजेसीवाई विभाग की बड़ी लापरवाही के चलते नक्सली बड़ी वारदात को अंजाम देने में कामयाब हो गए है। सूत्रों के अनुसार नक्सलियों ने कुछ देर तक मौके पर मौजूद लोगो को बंधक भी बनाया था बाद में उन्हें छोड़ दिया गया है।

पूरे मामले में एसपी शलभ सिन्हा का कहना है कि आलपरस में क्या कार्य चल रहा हैं इसकी सूचना भी पुलिस को नही दी गई थी, ऐसे में ठेकेदारों और खासकर पीएमजेसीवाई विभाग की लापरवाही फिर से सामने आ गई है । विभाग के द्वारा धुर नक्सल इलाको में बिना पुलिस को सूचना दिए कार्य करवाया जाना विभाग की घोर लापरवाही को दर्शाता है। जानकारी के अनुसार बीती रात बड़ी संख्या में माओवादी पहुंचे थे।
जिन्होंने आलपरस के पास चल रहे सड़क निर्माण में लगी वाहनों में आगजनी की और ग्रामीणों को बंधक भी बनाकर रखा था जिन्हे बाद में चेतवानी देकर छोड़ दिया गया है। इसके पहले भी ठेकदारों की लापरवाही के कारण माओवादी इस तरह की वारदात को अंजाम देने में कामयाब हो चुके है। पुलिस ने जगह जगह कैंप खोल रखे है, यदि पुलिस को सूचना देकर कार्य किए जाते है तो पुलिस पूरी सुरक्षा प्रदान करती है जिससे नक्सली इस तरह की वारदात को अंजाम देने में कामयाब नही हो पाते है और विकास कार्य भी तेजी से होते है, इसके बाद भी लगातार लापरवाही सामने आ रही है।
