घर में घुसकर बंदूक व कीमती सामान चोरी की वारदात को अंजाम देने वाले आरोपी को करनाल पुलिस ने किया गिरफ्तार।

करनाल:- बिन्दर शर्मा


करनाल :- जिला पुलिस करनाल की डिटेक्टिव स्टाफ की टीम द्वारा माह अक्टूबर 2022 में काछवा रोड रामनगर में स्थित एक घर में घुसकर कीमती सामान व लाईसेंसी बंदूक चोरी की वारदात को अंजाम देने के मामले में आरोपी को गिरफ्तार करने में कामयाबी हासिल की है। इस मामले में 15 मार्च 2023 को आरोपी विरेन्द्र उर्फ सोनू पुत्र रजवंत सिंह वासी रामनगर करनाल को विश्वसनीय सूचना के आधार पर रामनगर से गिरफ्तार किया गया। आरोपी से पूछताछ में जांच में खुलासा हुआ कि आरोपी पहले फर्नीचर का काम करता था और वारदात से कई महिने पहले आरोपी उक्त मकान में फर्नीचर का काम करने के लिए गया था। जिसके कारण आरोपी को घर में बारे में जानकारी थी। आरोपी को यह भी पता था कि मकान मालिक विदेश गए हुए हैं। मकान मालिक ने अपने घर की देखभाल की जिम्मेदारी आरोपी व उसके भाई को दी हुई थी, क्योंकि पीडित व आरोपी का मकान पडोस में ही है और आपस में अच्छी जान पहचान है। जांच में यह भी खुलासा हुआ कि आरोपी विरेन्द्र नशा करने का आदी है और नशे की हालत में ही एक दिन आरोपी उक्त मकान में घुस गया और उस मकान में से नगदी, चांदी के सिक्के, जेवरात, मोबाइल फोन, कैमरा, एक बंदूक व अन्य घरेलू सामान चोरी करके फरार हो गया था। जब इस घटना का पता मकान मालिक को लगा तो उसके द्वारा इस संबंध में थाना रामनगर में अज्ञात आरोपी के खिलाफ चोरी करने का मामला दर्ज करवाया गया। इस घटना के बारे में जब मीडिया में खबर चली तो आरोपी डर गया और डर के कारण रात के समय चोरी की गई बंदूक को घर के पास एक जगह पर रखकर फरार हो गया था। जिसको पुलिस टीम द्वारा अपने कब्जे में ले लिया गया था। आरोपी ने बाकी चोरीशुदा सामान डर के कारण करनाल की अलग- अलग नहरों में फेंक दिया। आरोपी के कब्जे से चोरीशुदा दो कैमरे व एक कारतूस बरामद कर लिया गया है। विदित हो कि इस वारदात के संबंध में दिनांक 10 अक्टूबर 2022 को थाना रामनगर में एक शिकायत प्राप्त हुई। जिसमें शिकायतकर्ता सतिन्द्र कुमार वासी रामनगर ने बताया कि दिनांक 08 अक्टूबर को वह किसी काम से दिल्ली गया हुआ था। तभी उसे पता लगा कि उसके घर में चोरी हो गई है। जिसके बाद उसने दिल्ली से आने के थाना रामनगर में शिकायत दी। जिसकी शिकायत पर अज्ञात आरोपी के खिलाफ थाना रामनगर में धारा 380, 457 आईपीसी के तहत मामला दर्ज किया गया था। आरोपी उपरोक्त को आज पेश अदालत करके न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है।