जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा खुलने की लोगों को है बेसब्री से इंतजार।

बालोद :-  बालोद जिला की एकमात्र आदिवासी विकासखंड डौंडी अंतर्गत ग्राम पटेली में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा खोलने की मांग क्षेत्रवासियों के द्वारा विगत कई वर्षों से किया जा रहा है। ग्राम पटेली में नवीन शाखा खुल जाने से क्षेत्र के 04 सेवा सहकारी समिति मंगलतराई , आमडुला, घोटिया एवं भर्रीटोला के हजारों किसानों सहित 03 दर्जन गांवों के आम लोगों को भी बैंकिंग सुविधा का लाभ मिलेगा। अभी वर्तमान में क्षेत्र के आम लोगों व किसानों को 20 से 40 किलोमीटर तक की दूरी तय कर ब्लॉक मुख्यालय डौंडी जाना पड़ता है, जिससे लोगों को समय व आर्थिक रूप से अतिरिक्त परेशानी उठाना पड़ता है। ग्राम पटेली में नवीन शाखा खुल जाने से लोगों को भारी राहत मिलेगी। विदित हो कि ग्राम पटेली में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा खोलने हेतु मांग वर्ष 2020 में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग को किया गया था। तत्सम्बन्ध में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक दुर्ग के द्वारा प्रस्ताव सहित समस्त प्रक्रिया पूर्ण कर अपेक्स बैंक रायपुर छत्तीसगढ़ को भेजा गया है। क्षेत्र के वरिष्ठ नेता व सेवा सहकारी समिति संघ के जिला अध्यक्ष रामसाय रावटे ने जानकारी देते हुए बताया की ग्राम पटेली में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की शाखा खोले जाने हेतु प्रदेश की महिला एवं बाल विकास विभाग व कैबिनेट मंत्री अनिला भेड़िया की अनुशंसा अनुरूप मुख्यमंत्री ने भी सहमति प्रदान कर बजट में शामिल किया है। ग्राम पटेली में जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा खोले जाने हेतु राधा रावटे सरपंच ग्राम पंचायत पटेली, मणिराम ग्यारे ग्राम पटेल, रामसाय रावटे वरिष्ठ कांग्रेसी नेता, कन्हैया साहू, रामकुमार राजपूत, मोहन सेन , डॉक्टर हलधर साहू, शंभू राम साहू, बंशीलाल रावटे सहित सैकड़ों किसानों ने शासन से जिला सहकारी केंद्रीय बैंक की नवीन शाखा ग्राम पटेली में खोले जाने की मांग की है।