हत्या की पूर्व नियोजित साजिश रचकर टंगिया से किया हमला, साक्ष्य छिपाने मृतक के शव को सीमेंट पोल से बांधकर तालाब में फेंका।
घटना में प्रयुक्त टंगिया, मृतक का डंडा एवं मृतक तथा आरोपियों के मोबाइल फोन पुलिस ने किए जप्त।
पुलिस अधिकारियों के मार्गदर्शन में त्वरित कार्यवाही :
पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) जिला रायपुर श्रीमती श्वेता श्रीवास्तव सिन्हा के निर्देशन में, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक (ग्रामीण) श्रीमती चंचल तिवारी एवं अनुविभागीय पुलिस अधिकारी (विधानसभा) वीरेन्द्र चतुर्वेदी के मार्गदर्शन में, थाना प्रभारी तिल्दा नेवरा निरीक्षक रमाकांत तिवारी के नेतृत्व में उपरोक्त कार्यवाही की गई। कार्यवाही में उपनिरीक्षक पी आर साहू पी एस आई रानू साहू, पी एस आई राजकुमार शांते एवं पेट्रोलिंग स्टाफ की महत्वपूर्ण भूमिका रही।
*घटना का संक्षिप्त विवरण –*
दिनांक 14.11.2026 को सूचनाकर्ता धनेश पाल निवासी ग्राम बेमता द्वारा अपने पुत्र पुरुषोत्तम पाल उम्र 22 वर्ष के दिनांक 14.11.2026 को दोपहर लगभग 03:30 बजे बेमता ईंट भट्ठा के पास से लापता होने एवं काफी खोजबीन के बाद भी उसका पता नहीं चलने की सूचना दिनांक 15.11.2026 को थाना तिल्दा नेवरा में दी गई। सूचना पर पुलिस द्वारा गुम इंसान दर्ज कर युवक की पतासाजी प्रारंभ की गई।
पतासाजी के दौरान गुमशुदा के परिजनों एवं चश्मदीद साक्षियों से पूछताछ में जानकारी प्राप्त हुई कि ग्राम बेमता निवासी शंकर पाल अपनी पत्नी एवं पुरुषोत्तम पाल के मध्य प्रेम संबंध होने का शक करता था। इसी बात को लेकर पूर्व में दोनों के बीच विवाद भी हुआ था। घटना दिनांक को शंकर पाल, उसका भतीजा किशन उर्फ पिंटू यादव एवं पुरुषोत्तम पाल को एक साथ देखे जाने की जानकारी भी प्राप्त हुई।
प्राप्त साक्ष्यों के आधार पर पुलिस द्वारा शंकर पाल एवं उसके भतीजे किशन उर्फ पिंटू यादव को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई। पूछताछ में किशन उर्फ पिंटू यादव ने अपने चाचा शंकर पाल के साथ मिलकर पुरुषोत्तम पाल की हत्या करने की पूर्व नियोजित योजना बनाना स्वीकार किया। आरोपियों द्वारा योजना के अनुसार पुरुषोत्तम पाल पर टंगिया से सिर, गर्दन एवं शरीर पर वार कर उसकी हत्या कर दी गई। इसके पश्चात मृतक की पहचान छिपाने एवं साक्ष्य मिटाने के उद्देश्य से शव को सीमेंट पोल से बांधकर ग्राम बेमता स्थित मंजरी डबरी तालाब के पानी में फेंक दिया गया।
पुलिस द्वारा आरोपियों की निशानदेही पर ग्राम बेमता स्थित मंजरी डबरी तालाब से मृतक पुरुषोत्तम पाल के शव को बरामद किया गया। शव के सिर, गर्दन एवं शरीर पर धारदार हथियार से चोट पहुंचाए जाने के निशान पाए गए। घटनास्थल पर सीन ऑफ क्राइम यूनिट की टीम द्वारा पहुंचकर बारीकी से निरीक्षण किया गया तथा आवश्यक भौतिक साक्ष्य संकलित कर जप्त किए गए।
प्रकरण में घटना में प्रयुक्त आलाजरब टंगिया, मृतक का डंडा तथा मृतक एवं आरोपियों के मोबाइल फोन जप्त किए गए हैं। प्रकरण में दोनों आरोपियों को गिरफ्तार कर न्यायिक रिमांड पर न्यायालय पेश कर जेल दाखिल किया गया
*गिरफ्तार आरोपी –*
01. किशन यादव उर्फ पिंटू यादव, पिता संतोष यादव, उम्र 20 वर्ष, स्थायी निवासी ग्राम पुटपुटा, थाना कुकदुर, जिला कबीरधाम, हाल निवासी ग्राम बेमता, शंकर पाल का मकान, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
02. शंकर पाल उर्फ राजू, पिता लीलाराम पाल, उम्र 38 वर्ष, स्थायी निवासी ग्राम दशरंगपुर, थाना पिपरिया, जिला कबीरधाम, हाल निवासी ग्राम बेमता, थाना तिल्दा नेवरा, जिला रायपुर (छत्तीसगढ़)।
