समय-सीमा की बैठक में कलेक्टर ने विभागीय कार्यों की समीक्षा कर लंबित प्रकरणों के शीघ्र निराकरण के दिए निर्देश

राज्योत्सव एवं जनजातीय गौरव दिवस की तैयारियां बेहतर तरीके से करने के निर्देश

धान खरीदी की तैयारियां समय पर पूरी करें, बारदाने की व्यवस्था और केंद्रों में साफ-सफाई सुनिश्चित करने के निर्देश

गरियाबंद – कलेक्टर  रणबीर शर्मा ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में अधिकारियों की बैठक लेकर समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की समीक्षा की। उन्होंने कहा कि लंबित प्रकरणों को यथासंभव निर्धारित समयावधि में पूर्ण करें। कलेक्टर श्री शर्मा ने छत्तीसगढ़ राज्य निर्माण के अवसर पर 02 नवंबर को पुलिस परेड ग्राउंड में आयोजित होने वाले राज्योत्सव कार्यक्रम के बारे में अधिकारियों को सभी कार्य समय पर पूर्ण करने को कहा। उन्होंने कहा कि राज्योत्सव के अवसर पर संबंधित विभागो के स्टॉल लगाएं जाएंगे। इस वर्ष छत्तीसगढ़ राज्योत्सव 2026 का थीम ‘‘सशक्त नारी, युवा उड़ान‘‘ होगा।कलेक्टर श्री शर्मा ने बताया कि भारत सरकार, जनजातीय कार्य मंत्रालय के निर्देशानुसार जिले में 11 से 18 नवंबर तक जनजातीय गौरव सप्ताह मनाया जाएगा। इस दौरान जनजातीय संस्कृति, परंपरा, कला एवं गौरवशाली इतिहास पर आधारित विभिन्न कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। जनजातीय क्रांतिवीरों, स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों के परिजनों एवं प्रमुख जनजातीय व्यक्तित्वों का सम्मान किया जाएगा। कार्यक्रम के अंतर्गत करमा महोत्सव, शहीद वीर नारायण सिंह लोक कला महोत्सव एवं जनजातीय स्वाभिमान सम्मेलन आयोजित कराएं जाएं। साथ ही जनजातीय विकास प्रदर्शनी, कला-शिल्प, पारंपरिक व्यंजन एवं पुस्तक मेला, जनजातीय वाद्य यंत्रों की प्रदर्शनी तथा चित्रकला एवं फोटोग्राफी प्रतियोगिताएं आयोजित कराएं। उन्होंने कहा कि

कार्यक्रम का आयोजन गरिमापूर्ण एवं बेहतर तरीके से किया जाए।

कलेक्टर श्री शर्मा ने विशेष गहन पुनरीक्षण मतदाता सूची में नए मतदाताओं के नाम जोड़ने के लिए विद्यार्थियों को प्रेरित करने तथा 17 वर्ष से अधिक आयु के युवाओं के अग्रिम पंजीयन सहित पात्र युवाओं का मतदाता सूची में नाम जुड़वाने के लिए आवश्यक कार्रवाई करने के निर्देश दिए। कलेक्टर ने राजस्व अधिकारियों को भू-अर्जन के प्रकरणों में विशेष सावधानी के साथ नियमानुसार कार्रवाई सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को राज्यपाल के गोद ग्राम बिजली में शासन की योजनाओं का शत-प्रतिशत सेचुरेशन सुनिश्चित करने तथा पात्र हितग्राहियों को लाभान्वित करने के निर्देश दिए।

खरीफ विपणन वर्ष 2026-27 में धान खरीदी की तैयारियों की समीक्षा करते हुए कलेक्टर ने बारदाने की पर्याप्त व्यवस्था, धान खरीदी केंद्रों में साफ-सफाई तथा अन्य आवश्यक व्यवस्थाएं समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। अधिकारियों ने बताया कि 80 प्रतिशत बारदाने एकत्रित किए जा चुके हैं। उन्होंने सभी राजस्व अधिकारियों को मकान क्षति से संबंधित प्रकरणों में नियमानुसार पात्र हितग्राहियों को सहायता राशि स्वीकृत करने के निर्देश दिए।

बैठक में बस्तर मुन्ने योजना की प्रगति की समीक्षा भी की गई। योजना के अंतर्गत संचालित 36 योजनाओं के माध्यम से श्रमिकों, दिव्यांगजनों, महिलाओं, विद्यार्थियों और किसानों सहित विभिन्न वर्गों को लाभान्वित किया जा रहा है। कलेक्टर ने सेवा सेतु पोर्टल में लंबित प्रकरणों का शीघ्र निराकरण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री शर्मा ने सीएम हेल्पलाइन में प्राप्त शिकायतों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण करने के निर्देश दिए। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ  प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर  पंकज डाहिरे, श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित सभी विभागीय अधिकारी उपस्थित थे।