गरियाबंद – सेवा एवं समर्पण के 25 वर्ष पूर्ण होने के अवसर पर राज्य में आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत जिले में जल संसाधन विभाग द्वारा ‘जल जन सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जा रहा है। अभियान के तहत किसानों तक सिंचाई जल की सुगम उपलब्धता सुनिश्चित करने के उद्देश्य से विभिन्न गतिविधियां संचालित की जा रही हैं। इसी क्रम में ‘कमाण्ड क्षेत्र विकास एवं जल प्रबंधन’ कार्यक्रम के अंतर्गत पैरी परियोजना की राजिम वितरक शाखा नहर प्रणाली से अंतिम छोर तक पानी पहुंचाकर किसानों को खरीफ फसल की सिंचाई सुविधा उपलब्ध कराई जा रही है। इसके तहत ग्राम परसदा, पोखरा, रावड़, बकली, बासीन, रक्सा एवं खपरीपार सहित अंतिम छोर के ग्रामों के किसानों को खरीफ फसल की सिंचाई के लिए पानी उपलब्ध कराया जा रहा है। नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचने से इन गांवों के किसानों को फसलों की सिंचाई में सुविधा मिल रही है और जल प्रबंधन व्यवस्था को प्रभावी बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण कार्य हुआ है। अंतिम छोर तक सिंचाई जल पहुंचाने की इस प्रक्रिया में जल संसाधन विभाग के मैदानी अधिकारियों, कर्मचारियों एवं किसानों का समन्वय महत्वपूर्ण रहा। अधीक्षण अभियंता श्री एस.के. बर्मन के मार्गदर्शन में अनुविभागीय अधिकारी श्री आर.पी. साहू, अनुविभागीय अधिकारी श्री एम.के. पण्डोरिया, उप अभियंता श्री दुर्गेश सोनकर, उप अभियंता श्री फलेन्द्र ठाकुर एवं उप अभियंता सुश्री मनीषा साहू सहित मैदानी अमले ने किसानों के सहयोग से नहर प्रणाली के माध्यम से पानी के सुचारू प्रवाह को सुनिश्चित किया।
जल प्रबंधन के साथ किसान सेवा को प्राथमिकता
‘सेवा संकल्प अभियान 2026’ के अंतर्गत संचालित यह पहल जल संरक्षण, बेहतर जल प्रबंधन और किसान सेवा के उद्देश्य से महत्वपूर्ण है। नहर के अंतिम छोर तक पानी पहुंचने से खरीफ फसलों की सिंचाई में किसानों को सुविधा मिल रही है। विभाग द्वारा उपलब्ध जल संसाधनों का बेहतर प्रबंधन करते हुए सिंचाई व्यवस्था को प्रभावी बनाए रखने का काम किया जा रहा है। जल संसाधन विभाग के अधिकारियों ने बताया कि किसानों की सहभागिता और मैदानी अमले के समन्वित प्रयासों से नहर प्रणाली के माध्यम से अंतिम छोर तक पानी पहुंचाने का कार्य सुगमता से किया जा रहा है। सेवा संकल्प अभियान के माध्यम से जल संसाधन विभाग द्वारा ‘जल जन सेवा’ की भावना के साथ किसानों की जरूरतों को प्राथमिकता देते हुए जल प्रबंधन एवं सिंचाई सुविधाओं को बेहतर बनाने का प्रयास किया जा रहा है।
