17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक जिले में होंगे विविध जनसेवा एवं जागरूकता कार्यक्रम,
कलेक्टर श्री शर्मा ने नोडल व सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर सौंपे दायित्व
जलप्रपातों और जलभराव वाले क्षेत्रों में सुरक्षा के भी पुख्ता इंतजाम के भी दिए निर्देश
गरियाबंद – कलेक्टर रणबीर शर्मा ने आज कलेक्टोरेट सभाकक्ष में समय सीमा की समीक्षा बैठक लेकर आगामी दिनों में आयोजित होने वाले विभिन्न कार्यक्रमों, विकास कार्यों, जनकल्याणकारी योजनाओं एवं जन शिकायतों के निराकरण की विस्तृत समीक्षा की। कलेक्टर ने अधिकारियों को शासन की योजनाओं का प्रभावी क्रियान्वयन सुनिश्चित करने के साथ जनसेवा से जुड़े कार्यक्रमों में व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। बैठक में जिला पंचायत सीईओ श्री प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर श्रीमती ऋषा ठाकुर सहित सभी जिला स्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।
17 सितंबर से 17 अक्टूबर तक चलेगा सेवा संकल्प अभियान –
छत्तीसगढ़ सरकार द्वारा राज्य में 17 सितंबर से 17 अक्टूबर 2026 तक ‘सेवा संकल्प अभियान’ चलाया जाएगा। अभियान का उद्देश्य सेवा एवं सुशासन की भावना को जन-जन तक पहुंचाने, विकसित भारत 2047 के सामूहिक संकल्प को आगे बढ़ाने तथा केंद्र एवं राज्य शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी प्रत्येक परिवार तक पहुंचाने के साथ व्यापक जनभागीदारी सुनिश्चित करना है। कलेक्टर श्री शर्मा ने बैठक में जिले में अभियान के सफल क्रियान्वयन के लिए नोडल एवं सहायक नोडल अधिकारियों की नियुक्ति कर उन्हें सौंपे गए दायित्वों का प्रभावी ढंग से निर्वहन करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और निर्धारित गतिविधियों को केवल औपचारिकता तक सीमित न रखते हुए अधिक से अधिक लोगों की सहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने अभियान के प्रत्येक कार्यक्रम के लिए समयबद्ध कार्ययोजना बनाने और गरिमापूर्ण आयोजन सुनिश्चित करने पर विशेष जोर दिया।
आशीर्वाद का दीया से कहानी बदलाव की तक होंगे विविध आयोजन –
सेवा संकल्प अभियान के तहत जिले में विभिन्न जनभागीदारी आधारित गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। इनमें ‘आशीर्वाद का दीया’ के तहत प्रत्येक परिवार स्तर पर दीप प्रज्ज्वलन, ‘25 करोड़ बच्चों के सपनों का भारत’ के अंतर्गत बच्चों के सपनों एवं भविष्य को लेकर गतिविधियां तथा ‘नमो सेवा गाथा’ के तहत नुक्कड़ नाटक एवं जनजागरूकता कार्यक्रम प्रमुख हैं। इसी तरह ‘आंगन का उत्सव’ के अंतर्गत आंगनवाड़ी सम्मान एवं मातृ संवाद, ‘कहानी बदलाव की’ के माध्यम से हितग्राहियों की वास्तविक सफलता की कहानियों को सामने लाने तथा शासन की योजनाओं से जीवन में आए सकारात्मक बदलावों को जन-जन तक पहुंचाने की गतिविधियां होंगी। अभियान के दौरान ‘विकसित भारत संकल्प यात्रा’ के तहत परिवर्तनकारी स्थलों के भ्रमण, ‘सेवा ज्योति यात्रा’, ‘जल जन सेवा संकल्प’, ‘सेवा-मेरा योगदान’ के तहत 25 सेवा गतिविधियों एवं नदी घाट स्वच्छता जैसे कार्यक्रम भी आयोजित किए जाएंगे। इसके अलावा ‘सेवा सेतु अभियान’ के माध्यम से शासन की सेवाओं को आम नागरिकों तक पहुंचाने के लिए शिविर आयोजित किए जाएंगे। अभियान में ‘रंगीला राष्ट्र/भारत मंडल’, राष्ट्रीय इनोवेशन चौलेंज तथा ‘जनसेवक महाकुंभकृपंचायत से पार्लियामेंट’ जैसी गतिविधियों को भी शामिल किया गया है। कलेक्टर ने संबंधित विभागों को इन सभी कार्यक्रमों के लिए आपसी समन्वय से विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए।
19 सितंबर को सेवा संकल्प मिनी मैराथन –
कलेक्टर ने 19 सितंबर को प्रस्तावित सेवा संकल्प मिनी मैराथन के आयोजन की तैयारियों की भी समीक्षा की। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को रूट, प्रतिभागियों, सुरक्षा, यातायात, पेयजल सहित आवश्यक व्यवस्थाओं की कार्ययोजना तैयार कर समय पर सभी तैयारियां पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही विकासखंड स्तर पर प्रमुख गांवों में शिविर आयोजित कर ग्रामीणों को शासन की योजनाओं एवं सेवाओं से अधिक से अधिक लाभान्वित करने के निर्देश दिए।
23 सितंबर को एक हजार युवाओं का ‘युवा उड़ान’ सम्मेलन
बैठक में ‘युवा उड़ान 2026’ कार्यक्रम की तैयारियों की भी समीक्षा की गई। जिले में 23 सितंबर को लगभग एक हजार युवाओं का सम्मेलन आयोजित किया जाएगा। इसमें विषय विशेषज्ञ युवाओं से संवाद कर उन्हें शिक्षा, रोजगार, नेतृत्व एवं राष्ट्र निर्माण के लिए प्रेरित करेंगे। कलेक्टर ने छत्तीसगढ़ राज्य युवा आयोग से समन्वय स्थापित कर कार्यक्रम की विस्तृत कार्ययोजना तैयार करने तथा बैठक व्यवस्था, स्वच्छता, ध्वनि, विद्युत, पेयजल एवं सुरक्षा सहित सभी व्यवस्थाएं समय पर सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
सीएम हेल्पलाइन 1076 की शिकायतों का त्वरित निराकरण –
कलेक्टर ने सीएम हेल्पलाइन 1076 में प्राप्त जन शिकायतों की विभागवार समीक्षा करते हुए लंबित प्रकरणों का त्वरित एवं गुणवत्तापूर्ण निराकरण सुनिश्चित करने कहा। उन्होंने अधिकारियों को शिकायतों की नियमित समीक्षा कर समय-सीमा के भीतर निराकरण करने के निर्देश दिए। उन्होंने श्रमिक पंजीयन में तेजी लाने तथा पंजीकृत श्रमिकों का ई-केवाईसी पूर्ण कराने के निर्देश भी दिए, ताकि पात्र श्रमिक शासन की योजनाओं के लाभ से वंचित न रहें।
निर्माण एवं विकास कार्यों की प्रगति की समीक्षा –
कलेक्टर ने नालंदा परिसर एवं केंद्रीय विद्यालय के लिए भूमि आवंटन, ऑडिटोरियम के प्रस्ताव, आरसेटी भवन, एसटीपी निर्माण की टेंडर प्रक्रिया, वन स्टॉप सखी सेंटर, तहसील भवन, जीएडी क्वार्टर एवं कॉलेज भवन निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक प्रक्रियाएं शीघ्र पूरी कर कार्यों को निर्धारित समय-सीमा में आगे बढ़ाने के निर्देश दिए।
स्वास्थ्य योजनाओं का लाभ पहुंचाने और आवश्यक दवाओं की उपलब्धता पर जोर –
बैठक में पीएम राहत योजना से संबंधित जानकारी लेते हुए आवश्यक प्रकरणों का निराकरण करने के निर्देश दिए गए। कलेक्टर ने पीएम वय वंदन योजना की प्रगति की समीक्षा करते हुए अभियान चलाकर पात्र वरिष्ठ नागरिकों के कार्ड बनाने को कहा। वहीं डॉ. अंबेडकर हेल्थ स्कीम का व्यापक प्रचार-प्रसार कर लोगों को योजना के प्रति जागरूक करने के निर्देश सीएमएचओ को दिए।
उन्होंने जिले में एंटी स्नेक वेनम एवं एंटी रेबीज सहित आवश्यक स्वास्थ्य संसाधनों की उपलब्धता की भी जानकारी ली तथा आपात स्थिति में तत्काल उपचार उपलब्ध कराने के लिए इनकी पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने कहा।
जलप्रपातों में सुरक्षा व्यवस्था पुख्ता करने के निर्देश –
बारिश के मौसम में जिले के जलप्रपातों एवं पर्यटन स्थलों पर पर्यटकों की बढ़ती आवाजाही को देखते हुए कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी प्रमुख जलप्रपातों में आवश्यक सुरक्षा व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि ऐसे स्थानों पर सुरक्षा के पर्याप्त इंतजाम किए जाएं, जिससे किसी प्रकार की दुर्घटना की संभावना न बने।
उन्होंने संवेदनशील एवं खतरनाक स्थानों को चिन्हांकित कर चेतावनी बोर्ड एवं सुरक्षा संकेतक लगाने, आवश्यकतानुसार बैरिकेडिंग करने तथा पर्यटकों को सुरक्षित स्थानों पर ही जाने के लिए जागरूक करने के निर्देश दिए। बारिश को देखते हुए कलेक्टर ने स्कूल, आंगनवाड़ी एवं आश्रम-छात्रावासों के आसपास स्थित तालाबों और जलभराव वाले स्थानों पर बच्चों की सुरक्षा के लिए विशेष सावधानी बरतने कहा। उन्होंने निर्देशित किया कि बच्चे पानी में खेलने के लिए ऐसे स्थानों पर न जाएं, इसके लिए संबंधित विभाग निगरानी एवं जागरूकता सुनिश्चित करें। इस संबंध में महिला एवं बाल विकास, जिला शिक्षा अधिकारी एवं सहायक आयुक्त आदिवासी विकास विभाग को विशेष निर्देश दिए गए।
नियद नेल्लानार योजना में स्कीम सैचुरेशन पर जोर –
कलेक्टर श्री शर्मा ने नियद नेल्लानार योजना की समीक्षा करते हुए योजना के प्रभावी क्रियान्वयन के लिए आवश्यक प्रशिक्षण, स्कीम सैचुरेशन तथा हितग्राहियों की जानकारी की ऑनलाइन एंट्री समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। कलेक्टर श्री शर्मा ने सभी अधिकारियों से कहा कि जिले में संचालित प्रत्येक जन कल्याणकारी कार्यक्रम का अंतिम उद्देश्य आम नागरिक के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाना होना चाहिए। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय, संवेदनशीलता और तत्परता के साथ कार्य करते हुए शासन की योजनाओं एवं सेवाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
