किरंदुल नगर पालिका में संजीव दास बने एल्डरमैन , कार्यकर्ताओं में खुशी।

किरंदुल – छत्तीसगढ़ शासन के नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग ने बस्तर संभाग के नगरीय निकायों में एल्डरमैन (मनोनीत पार्षद) की नियुक्ति का आदेश जारी कर दिया है। इसी क्रम में नगर पालिका परिषद किरंदुल के लिए संजीव दास को एल्डरमैन नियुक्त किया गया है। उनकी नियुक्ति से भाजपा कार्यकर्ताओं और स्थानीय नागरिकों में खुशी का माहौल है।शासन द्वारा नगर पालिका परिषद किरंदुल के लिए कुल पांच एल्डरमैन मनोनीत किए गए हैं। इनमें संजीव दास, शेख नजमुल हक, जोशना सवाई, सुनीता साहू और पी. श्रीनू को मनोनीत पार्षद की जिम्मेदारी सौंपी गई है। शासन का यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू हो गया है।संजीव दास लंबे समय से संगठन में सक्रिय रहे हैं। उन्होंने वर्ष 1998 में छात्र राजनीति की शुरुआत अखिल भारतीय विद्यार्थी परिषद से की। वर्ष 2000 में वे सचिव बने। इसके बाद भारतीय जनता युवा मोर्चा में जिला मंत्री , जिला उपाध्यक्ष, एवं आई टी सेल के संयोजक रहे। साथ ही अरविंद महाविद्यालय में युवा सांसद प्रतिनिधि की जिम्मेदारी भी निभाई। भारतीय जनता पार्टी में विभिन्न महत्वपूर्ण दायित्वों का निर्वहन करते हुए वे वर्ष 2019 से 2024 तक भाजपा मंडल किरंदुल के महामंत्री रहे। वे राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के सक्रिय कार्यकर्ता तथा भारतीय जनता पार्टी के समर्पित कार्यकर्ता के रूप में लगातार संगठनात्मक गतिविधियों में सक्रिय रहे हैं।संजीव दास ने अपने राजनीतिक जीवन में चंपारण, नवा रायपुर एवं उत्तर प्रदेश के मथुरा में कई दिनों तक प्रशिक्षण प्राप्त किया। उन्होंने भारतीय जनता युवा मोर्चा के तत्वावधान में केरल में भाजपा एवं राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ के कार्यकर्ताओं की हत्याओं के विरोध में आयोजित आक्रोश रैली में शामिल होने के लिए केरल जाकर सहभागिता भी की।संगठन के प्रति उनकी निष्ठा, लंबे राजनीतिक अनुभव और सामाजिक सक्रियता को देखते हुए राज्य शासन ने उन्हें यह महत्वपूर्ण जिम्मेदारी सौंपी है। अपनी नियुक्ति पर संजीव दास ने मुख्यमंत्री, नगरीय प्रशासन एवं विकास विभाग तथा पार्टी के प्रदेश, जिला, मंडल के शीर्ष नेतृत्व और वरिष्ठ नेताओं के प्रति आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि वे नगर के विकास, जनसमस्याओं के समाधान तथा शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए पूरी निष्ठा और ईमानदारी से कार्य करेंगे।

संजीव दास सहित सभी नवमनोनीत एल्डरमैन शेख नजमुल हक, जोशना सवाई, सुनीता साहू और पी. श्रीनू की नियुक्ति पर भाजपा मंडल किरंदुल, जिला भाजपा दंतेवाड़ा के पदाधिकारियों, कार्यकर्ताओं, व्यापारियों एवं स्थानीय नागरिकों ने प्रसन्नता व्यक्त करते हुए सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।