सियासी नज़र — सरकारी स्कूलों की समितियों से नेताओं की छुट्टियों के बाद भी भाजपा नेताओँ से करवाया जा रहा शाला प्रवेश उत्सव

( विद्या नगर स्कूल में भंग हो चुकी पूर्व समिति के साथ साथ स्थानीय भाजपा नेताओं ने करवाया शाला प्रवेश )

किरंदुल -छत्तीसगढ़ के सभी सरकारी स्कूलों में अब तक काम कर रही शाला विकास समितियों यानी एस एम डी सी को भंग कर दिया गया है ।उनकी जगह अब नई स्कूल मैनेजमेंट कमेटी यानी एसएमसी के गठन के निर्देश स्कूल शिक्षा विभाग ने इस संबंध में सभी कलेक्टरो और जिला शिक्षा अधिकारियों को निर्देश भी जारी कर दिया है ।उल्लेखनीय हैं कि नई शिक्षा व्यवस्था के तहत समिति के अध्यक्ष और उपाध्यक्ष किसी राजनैतिक हस्तक्षेप या बाहरी नियुक्ति से तय नहीं होंगे बल्कि स्कूल में पड़ने वाले बच्चों के अभिभावकों में से चुने जाएंगे ।विदित हो कि पिछले वर्ष तक स्कूलों की शाला विकास समिति के अध्यक्ष और अन्य पदाधिकारियों की नियुक्ति सीधे तौर पर राजनेतिक होती थी ।आमतौर पर स्थानीय विधायक या प्रभारी मंत्री अपनी पसंद के अनुसार अध्यक्ष और उपाध्यक्ष नियुक्त करते थे परंतु नए सिस्टम में नेताओं का हस्तक्षेप पूरी तरह खत्म हो गया है ।केंद्र सरकार द्वारा जारी एसएमसी 2026 गाइडलाइंस के अनुरूप राज्य में यह बदलाव किया गया है । परंतु इन आदेशों के बाबजूद भी दंतेवाड़ा जिले के शासकीय कन्या उच्चतर माध्यमिक विद्यालय विद्या नगर किरंदुल में नए सत्र में शाला प्रवेश उत्सव के दौरान विद्यालय प्रबंधन ने राज्य सरकार की नई गाइडलाइंस की अनदेखी करते हुए भंग हो चुकी शाला विकास समिति यानी एसएमडीसी के अध्यक्ष और समिति के सदस्यों के साथ साथ स्थानीय भाजपा नेताओं से नवप्रवेशी बच्चों का शाला प्रवेश करवाया । सियासी नज़र के हिसाब से किरंदुल में बिन बारिश के गड़गड़ाते बादलों के बीच फिर से एक बार राजनेतिक फिजा को ठंडा और गरम कर दिया है ।