किसान क्रेडिट कार्ड बना किसानों के लिए संबल अब साहूकारों के कर्ज से मिलेगी मुक्ति, खेती होगी आसान

गरियाबंद – सुशासन तिहार के अंतर्गत आयोजित जन समस्या निवारण शिविरों के माध्यम से शासन की जनकल्याणकारी योजनाओं का लाभ सीधे ग्रामीणों तक पहुंचाया जा रहा है। इसी कड़ी में विकासखंड गरियाबंद के ग्राम आमदी में आयोजित जन समस्या निवारण शिविर में तीन किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड सह पासबुक का वितरण किया गया। शिविर में ग्राम भीरालाट के किसान  खिलावन राम तथा ग्राम हसौदा के किसान  सरजूराम एवं  सिराधर धु्रव को किसान क्रेडिट कार्ड सह पासबुक प्रदान की गई।

ग्राम हसौदा निवासी किसान  सिराधर धु्रव ने किसान क्रेडिट कार्ड प्राप्त करने पर प्रसन्नता व्यक्त करते हुए मुख्यमंत्री श्री विष्णु देव साय एवं राज्य शासन का आभार जताया। उन्होंने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड मिलने से अब उन्हें आदिम जाति सेवा सहकारी समिति से शून्य प्रतिशत ब्याज दर पर कृषि ऋण प्राप्त हो सकेगा। साथ ही समिति के माध्यम से खाद, बीज एवं अन्य कृषि आदान समय पर उपलब्ध हो सकेंगे। श्री सिराधर धु्रव ने कहा कि किसान क्रेडिट कार्ड केवल ऋण सुविधा नहीं है, बल्कि किसानों को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने का प्रभावी माध्यम है। इससे खेती के लिए आवश्यक पूंजी समय पर उपलब्ध होती है और किसानों को निजी उधारदाताओं पर निर्भर नहीं रहना पड़ता।

किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से किसानों को फसल ऋण, कृषि आदान क्रय, सिंचाई, कृषि यंत्रों के रखरखाव तथा अन्य कृषि गतिविधियों के लिए आसान ऋण सुविधा उपलब्ध होती है। केसीसी सह पासबुक से किसानों को ऋण लेन-देन का स्पष्ट रिकॉर्ड मिलता है तथा बैंकिंग सेवाओं तक उनकी पहुंच आसान होती है। इसके अतिरिक्त समय पर ऋण चुकाने वाले किसानों को ब्याज में छूट एवं अन्य वित्तीय लाभ भी प्राप्त होते हैं। सुशासन तिहार के अंतर्गत पात्र किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड से जोड़ने का अभियान निरंतर जारी है, जिससे किसानों को सुलभ वित्तीय सहायता उपलब्ध हो सके और उनकी आय में वृद्धि के साथ कृषि क्षेत्र को और अधिक सशक्त बनाया जा सके।