10 गॉवों के नागरिकों ने सौंपे 619 आवेदन
गरियाबंद – राज्य शासन द्वारा संचालित सुशासन तिहार 2026 के अंतर्गत आम जनता की समस्याओं के त्वरित निराकरण और शासन की योजनाओं का लाभ अंतिम व्यक्ति तक पहुंचाने के लिए गरियाबंद विकासखंड के शासकीय प्राथमिक शाला परिसर आमदी(द) में जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। शिविर में सम्मिलित 10 गांवों के ग्रामीण बड़ी संख्या में शामिल हुए और विभिन्न विभागों द्वारा संचालित योजनाओं एवं सेवाओं की जानकारी प्राप्त कर अपनी समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों से संबंधित आवेदन प्रस्तुत किए। शिविर में कुल 619 आवेदन प्राप्त हुए, जिनमें से अधिकांश का मौके पर ही निराकरण किया गया, जबकि शेष आवेदनों को समय-सीमा में निराकरण के लिए संबंधित विभागों को सौंपा गया।इस दौरान जनपद सभापति गणेशाराम ने कहा कि छत्तीसगढ़ शासन द्वारा आयोजित सुशासन तिहार योजनाओं का मेला और जनकल्याण का पर्व है। शासन द्वारा योजनाओं को आम जनता तक पहुंचाने का कार्य सराहनीय है। जिला, जनपद एवं ग्राम पंचायत स्तर पर शिविरों का आयोजन कर आमजन की समस्याओं, शिकायतों एवं मांगों का समाधान किया जा रहा है। अधिकारी एवं कर्मचारी स्वयं गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं। उन्होंने ग्रामीणों से अधिक से अधिक संख्या में शिविरों में पहुंचकर आवेदन प्रस्तुत करने की अपील की, ताकि मूलभूत सुविधाओं एवं ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं का शीघ्र समाधान किया जा सके।
क्षेत्रीय जनप्रतिनिधि सुरेंद्र सोनटेके ने कहा कि सुशासन तिहार आम जनता के लिए समाधान का उत्सव है। इसके माध्यम से अधिकारी-कर्मचारी गांवों तक पहुंचकर लोगों की समस्याओं का निराकरण कर रहे हैं तथा शासन की महत्वपूर्ण योजनाओं को जमीनी स्तर पर प्रभावी रूप से लागू कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि जानकारी के अभाव में कई पात्र हितग्राही योजनाओं से वंचित रह जाते हैं, लेकिन सुशासन तिहार के माध्यम से ऐसे लोगों को योजनाओं से जोड़ने का कार्य किया जा रहा है। उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री विष्णु देव साय के नेतृत्व में पात्र हितग्राहियों को आवास उपलब्ध कराया जा रहा है तथा महिलाओं को प्रतिमाह एक हजार रुपये की सहायता राशि प्रदान की जा रही है। साथ ही पोर्टल पुनः खुलने पर नए हितग्राहियों का पंजीयन भी किया जाएगा। सरकार द्वारा गांव-गांव तक सस्ती दरों पर राशन उपलब्ध कराया जा रहा है, ताकि खाद्य सुरक्षा सुनिष्चित हो सके।
कलेक्टर श्री बीएस उइके के मार्गदर्षन में षिविर में शामिल अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे ने कहा कि शिविर में प्राप्त सभी शिकायतों, मांगों एवं समस्याओं का गंभीरतापूर्वक निराकरण किया जाएगा। शासन स्तर से संबंधित मामलों को आवश्यक कार्रवाई के लिए उच्च स्तर पर भेजा किया जाएगा और उनका समाधान सुनिश्चित किया जाएगा। उन्होंने किसानों को आश्वस्त करते हुए कहा कि खाद एवं बीज का वितरण शासन के नियमानुसार सहकारी समितियों के माध्यम से किया जा रहा है। जिन गांवों में नेटवर्क की समस्या है, वहां अधिकारी स्वयं पहुंचकर परमिट जारी करेंगे, जिससे त्वरित खाद का वितरण किया जा सकेगा। शिविर के दौरान दो हितग्राहियों को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत आवास की चाबी प्रदान की गई। चार महिलाओं की गोद भराई की गई तथा बोर्ड परीक्षा में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले छह विद्यार्थियों को मोमेंटो देकर सम्मानित किया गया। इसके अलावा तीन किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड का वितरण भी किया गया।इस दौरान एसडीएम हितेश्वरी बाघे तथा महिला एवं बाल विकास विभाग के जिला कार्यक्रम अधिकारी अशोक पाण्डेय ने आमदी में नवनिर्मित आंगनबाड़ी केंद्र का निरीक्षण किया। अधिकारियों ने आंगनबाड़ी केंद्र में उपलब्ध शौचालय, मॉड्यूलर किचन, स्वच्छ पेयजल व्यवस्था, पूर्ण विद्युतीकरण तथा गर्भवती महिलाओं की जांच के लिए उपलब्ध उपकरणों की सराहना करते हुए इसे ग्रामीण क्षेत्र में बेहतर सुविधाओं की सराहना की।
