मुख्यमंत्री से पत्रकार संघ के जिलाध्यक्ष छायाकांत भट्ट ने की सौजन्य भेंट, जताया आभार।

नक्सल मुक्त को लेकर किया अभिवादन 

पत्रकारिता पर हुई विशेष चर्चा 

महासमुंद – छत्तीसगढ़ शासन के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय से पत्रकार संघ महासमुंद के जिलाध्यक्ष श्री छायाकांत भट्ट ने राजधानी स्थित उनके निवास पर सौजन्य भेंट की। इस अवसर पर उन्होंने मुख्यमंत्री को पारंपरिक गमछा पहनाकर सम्मानित किया तथा प्रदेश को नक्सल मुक्त बनाने की दिशा में सरकार द्वारा किए जा रहे प्रयासों और प्रदेशभर में आयोजित सुशासन तिहार की पहल पर बधाई एवं आभार व्यक्त किया।श्री भट्ट ने कहा कि मुख्यमंत्री श्री साय के नेतृत्व में प्रदेश में सुशासन, विकास और जनकल्याण को प्राथमिकता देते हुए कार्य किए जा रहे हैं। उन्होंने विशेष रूप से नक्सल प्रभावित क्षेत्रों में शांति स्थापना, विकास कार्यों के विस्तार तथा आमजन तक शासन की योजनाओं को पहुंचाने के प्रयासों की सराहना की।भेंट के दौरान पत्रकारिता एवं मीडिया से जुड़े विभिन्न विषयों पर भी विस्तार से चर्चा हुई। इस दौरान लोकतंत्र में मीडिया की भूमिका, निष्पक्ष एवं सकारात्मक पत्रकारिता, ग्रामीण क्षेत्रों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने तथा शासन की जनहितकारी योजनाओं को आमजन तक पहुंचाने जैसे विषयों पर विचार-विमर्श किया गया। मुख्यमंत्री श्री साय ने भी मीडिया को समाज और शासन के बीच एक महत्वपूर्ण सेतु बताते हुए पत्रकारों की भूमिका को अहम बताया।मुलाकात के दौरान प्रदेश में चल रहे सुशासन तिहार, जनकल्याणकारी योजनाओं के क्रियान्वयन तथा ग्रामीण क्षेत्रों में जनभागीदारी बढ़ाने जैसे विषयों पर भी चर्चा हुई। वातावरण सौहार्दपूर्ण और आत्मीय रहा।

इस अवसर पर सरायपाली जनपद पंचायत के जनपद सदस्य श्री उद्धव नंद भी उपस्थित रहे। उन्होंने भी मुख्यमंत्री को विभिन्न जनहितकारी कार्यों के लिए शुभकामनाएं दीं।