हरिनाम संकीर्तन नामयज्ञ में मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं महाराज सदन तिवारी ने की पूजा-अर्चना

रायपुर – राजधानी रायपुर के गायत्री नगर स्थित श्री जगन्नाथ मंदिर में आयोजित हरिनाम संकीर्तन नामयज्ञ कार्यक्रम श्रद्धा, भक्ति एवं आध्यात्मिक ऊर्जा के बीच सम्पन्न हुआ। इस पावन अवसर पर छत्तीसगढ़ के मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय एवं सुप्रसिद्ध कथावाचक महाराज सदन तिवारी विशेष रूप से उपस्थित रहे।कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी एवं महाराज सदन तिवारी जी ने एक साथ भगवान जगन्नाथ, भगवान बलभद्र एवं देवी सुभद्रा की विधिवत पूजा-अर्चना कर प्रदेशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली एवं उत्तम स्वास्थ्य की कामना की। दोनों को एक साथ पूजा-अर्चना करते देख श्रद्धालुओं में विशेष उत्साह का माहौल रहा।

मंदिर परिसर हरिनाम संकीर्तन, भजन-कीर्तन एवं भगवान जगन्नाथ के जयघोष से गूंजता रहा। श्रद्धालुओं ने बड़ी संख्या में उपस्थित होकर धार्मिक अनुष्ठानों में सहभागिता निभाई। आयोजन के दौरान भक्तिमय वातावरण ने सभी को आध्यात्मिक भाव से सराबोर कर दिया।

इस अवसर पर महाराज सदन तिवारी जी ने कहा कि भगवान के नाम का संकीर्तन मानव जीवन में शांति, सकारात्मकता एवं आध्यात्मिक शक्ति का संचार करता है। वहीं मुख्यमंत्री विष्णुदेव साय जी ने ऐसे धार्मिक आयोजनों को भारतीय संस्कृति एवं सनातन परंपरा को सशक्त बनाने वाला बताया।कार्यक्रम में विभिन्न सामाजिक एवं धार्मिक संगठनों के प्रतिनिधियों सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।