16 गांवों के ग्रामीण शिविर में पहुंचे
825 आवेदन प्राप्त समाधान के लिए कलेक्टर ने अधिकारियों को दिए निर्देश
ग्राम स्तर पर ही मिली विभागीय सेवाएं और जनहितकारी सुविधाएँ
गरियाबंद – राज्य शासन की मंशा के अनुरूप विकासखण्ड मैनपुर के दूरस्थ ग्राम नवापारा स्थित छात्रावास परिसर में आज सुशासन तिहार के अंतर्गत जिला स्तरीय जनसमस्या निवारण शिविर का आयोजन किया गया। इस शिविर में आसपास के 16 गांवों के नागरिक बड़ी संख्या में उपस्थित हुए और विभिन्न विभागों से जुड़ी अपनी समस्याएँ, शिकायतें एवं मांगें अधिकारियों के सामने रखीं। शिविर में विभिन्न विभागों के कुल 825 आवेदन प्राप्त हुए। जिनमें राजस्व, सामाजिक सुरक्षा, राशन कार्ड, आवास, बिजली-पानी, सड़क, स्वास्थ्य एवं शिक्षा से संबंधित मुद्दे प्रमुख थे।
कलेक्टर बी.एस. उइके ने संबंधित विभागों के अधिकारियों को निर्देश दिए कि सभी आवेदनों का संवेदनशीलता और गुणवत्तापूर्ण तरीके से निराकरण किया जाए। शिविर में सभी विभागों के अधिकारी-कर्मचारी उपस्थित थे। विभिन्न विभागों द्वारा विभागीय स्टॉल लगाए गए थे। जिससे ग्रामीणों को अपनी मांग, समस्याएँ, एवं शिकायत से संबंधित आवेदन विभागीय अधिकारी को सौंपे। इस दौरान अधिकारियों ने ग्रामीणों के आवेदनों का निराकरण किया। इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री नीरज चंद्राकर भी उपस्थित थे।
इस अवसर पर ग्रामीणों को संबोधित करते हुए जिला पंचायत के अध्यक्ष गौरीशंकर कश्यप ने कहा कि राज्य शासन की मंशा है कि अंतिम व्यक्ति तक योजनाओं का लाभ पहुँचाया जाए। दूरस्थ क्षेत्र में शिविर आयोजित होने से लोगों को बड़ी सुविधा मिली है। उन्होंने सभी विभागों के अधिकारियों को कहा कि प्रत्येक आवेदन का समयबद्ध एवं गुणवत्तापूर्ण निपटारा किया जाए। जिससे कि कोई भी नागरिक अपनी समस्या के समाधान से वंचित न रहे।
जिला पंचायत सदस्य संजय नेताम ने कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर ग्रामीणों की वास्तविक जरूरतों को समझने का प्रभावी माध्यम है। दूरस्थ गांवों में शिविर आयोजित होने से लोगों को सुविधाएँ उनके घर के पास मिल रही हैं। उन्होंने कहा कि शासन की सभी योजनाएँ सही हितग्राहियों तक पहुँचें, यह हमारी प्राथमिकता है। उन्होंने ग्रामीणों से भी आग्रह किया कि वे योजनाओं का लाभ उठाने में सक्रिय रहें और अपनी समस्याएँ बिना झिझक प्रशासन तक पहुँचाएँ। इस दौरान पूर्व विधायक गोवर्धन मांझी ने ग्रामीणों से कहा कि जनसमस्या निवारण शिविर प्रशासन और जनता के एक सशक्त माध्यम है। ग्रामीणों की समस्याओं का समाधान सही समय पर होना आवश्यक है। उन्होंने अधिकारियों से अपेक्षा कि प्रत्येक आवेदन को प्राथमिकता से निपटाया जाए और शासन की योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुँचे।
इस दौरान जनपद अध्यक्ष श्रीमती मोईना नेताम सहित अन्य जनप्रतिनिधियों ने विभागीय स्टॉलों का निरीक्षण कर विभिन्न विभागों हितग्राहियों को सामग्री वितरण किया। इनमें महिला एवं बाल विकास विभाग द्वारा शिविर में 05 गर्भवती महिलाओं की गोदभराई की रस्म निभाई गई और दों बच्चों का अन्नप्रासन्न संस्कार कराया गया। स्वास्थ्य विभाग द्वारा 09 हितग्राहियों को आयुष्मान कार्ड उपलब्ध कराए गए। साथ ही मत्स्य विभाग द्वारा 02 हितग्राहियों को मत्स्य जाल वितरण किया गया। इस दौरान ग्रामीणों को विभागीय अधिकारियों ने अपने-अपने विभागीय योजनाओं और सेवाओं की जानकारी देते हुए अधिक से अधिक लाभ उठाने की अपील की।
