देवधाम घटारानी के जंगल में तेन्दुए का हमला, युवक गंभीर घायल – वन विभाग ने जारी किया अलर्ट

फिंगेश्वर – पर्यटक स्थल देवधाम घटारानी के जंगल में आज रविवार को सुबह सुबह तेन्दूपत्ता को बांधने रस्सी लाने गए युवक पर घात लगाए तेन्दुआ ने जानलेवा हमला कर दिया। जिससे युवक गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की विस्तृत जानकारी देते हुए फिंगेश्वर वन परिक्षेत्र के सहायक वन परिक्षेत्राधिकारी मनीष वर्मा ने बताया कि तेन्दुआ के हमले से घायल युवक ग्राम जमाही का भीखम कमार है। घटना की जानकारी मिलते ही घायल भीखम कमार को शासकीय अस्पताल फिंगेश्वर लाया गया जहां प्राथमिक इलाज के बाद जिला अस्पताल महासमुंद रिफर किया गया है। वन विभाग की ओर से तत्काल सहायता के रूप में युवक को 1000 रूपये दिया गया है। अस्पताल में चर्चा करते हुए घायल युवक भीखम कमार ने बताया कि वह अपने भाई के साथ रस्सी संग्रहण करने जंगल गया था। जंगल में अचानक दो शावक बच्चों के साथ मादा तेन्दुआ से आमना सामना हो गया। मादा तेन्दुआ ने तबाड़तोड़ हमला करना शुरू कर दिया। उसने भी तेन्दुआ से काफी संघर्ष किया। साथ गए उसके भाई ने काफी शोर किया जिससे तेन्दुआ जंगल की तरफ भाग गया। वह भाई के साथ जान बचाकर जंगल से बाहर आया। युवक के शरीर पर तेंदुए के नाखुनो और दांतो के गहरे निशान है |फिंगेश्वर वन विभाग ने काफी तत्परता से युवक को फिंगेश्वर शासकीय अस्पताल लेकर गई। यहा यह बताना लाजिमी है कि घटारानी देवधाम एवं पर्यटन स्थल काफी प्रसिद्ध है। लोग यहां घूमने आते रहते है। भीषण गर्मी के चलते वन्यप्राणी अक्सर पानी की तलाश में यहां आते रहते है। कुछ दिन पहले इसी स्थान पर लोहरसी निवासी राजकुमार यादव के ऊपर भालू ने हमला किया था। वन विभाग के अधिकारियों ने हाई अलर्ट जारी कर ग्रामीणों से अकेले जंगल में नहीं जाने की अपील की है। सहायक परिक्षेत्राधिकारी मनीष वर्मा ने बताया कि जंगल मंे गश्त बढ़ा दी गई है। जंगली क्षेत्र के ग्रामीणों से दिन में समूह में जंगल जाने की समझाईश दी गई है। अकेले जंगल नहीं जाने की अपील भी की गई है।