सोख्ता गड्ढों से लेकर तालाब-डबरी तक कार्यों का लिया जायजा
पीएम आवास समय-सीमा में पूर्ण करने के निर्देश
गरियाबंद – जिले में जल शक्ति अभियान के अंतर्गत जल संचयन और संरक्षण को बढ़ावा देने के लिए जिला स्तरीय महाभियान चलाया जा रहा है। इसी क्रम में कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने आज जिले के विभिन्न ग्रामों का दौरा कर सोख्ता गड्ढा (सोक पीट) निर्माण, जल स्रोतों के आसपास सफाई, डबरी निर्माण, तालाब मरम्मत, चेक डेम एवं कूप निर्माण सहित मरम्मत कार्यों का निरीक्षण किया। उन्होंने मैनपुर विकासखण्ड के छिंदौला, छुरा विकासखण्ड के ग्राम लोहरसी, कुण्डेल एवं सरकड़ा तथा गरियाबंद विकासखण्ड के ग्राम कोदोबतर में चल रहे कार्यों की प्रगति, गुणवत्ता और तकनीकी मानकों का अवलोकन किया। इस दौरान ग्रामीणों को जल संरक्षण के लिए शपथ दिलाई गई। ग्रामीणों ने पानी बचाने और उसके विवेकपूर्ण उपयोग करने की शपथ ली।कलेक्टर श्री उइके ने कहा कि जल संरक्षण वर्तमान समय की सबसे बड़ी आवश्यकता है और इसके लिए प्रत्येक स्तर पर सामूहिक प्रयास जरूरी हैं। उन्होंने बताया कि सोख्ता गड्ढा, डबरी, तालाब और चेक डेम जैसे संरचनाएं न केवल वर्षा जल के संचयन में सहायक हैं, बल्कि भू-जल स्तर को बनाए रखने और सूखे की स्थिति से निपटने में भी महत्वपूर्ण भूमिका निभाती हैं। कलेक्टर ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि सभी कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करें। तथा जनभागीदारी सुनिश्चित करते हुए लोगों को जल संरक्षण के प्रति जागरूक करें। ताकि भविष्य के लिए जल संसाधनों का बेहतर संरक्षण किया जा सके।इस दौरान कलेक्टर श्री उइके ने ग्रामीणों से बातचीत कर सोख्ता गड्ढों के महत्व, उपयोग और जल संरक्षण में उनकी भूमिका के बारे में जानकारी दी। उन्होंने कहा कि इन संरचनाओं के निर्माण से अपशिष्ट जल निकासी में सुधार होगा, गांवों में स्वच्छता व्यवस्था मजबूत होगी और भू-जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने ग्रामीणों एवं स्वसहायता समूह की महिलाओं से चर्चा करते हुए कहा कि वे अपने घरों की बाड़ियों में सब्जी उत्पादन करें, जिससे पोषण स्तर में सुधार के साथ अतिरिक्त आय भी प्राप्त हो सके। उन्होंने जल के महत्व पर जोर देते हुए कहा कि पानी का सदुपयोग करना वर्तमान समय की आवश्यकता है। कलेक्टर ने कहा कि घरेलू उपयोग के बाद बचा पानी का बाड़ियों में सब्जी उत्पादन के लिए किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि इस तरह के छोटे-छोटे प्रयास जल संरक्षण को बढ़ावा मिलेगा।कलेक्टर श्री उइके ने प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत गॉवों में बन रहे निर्माणाधीन मकानों का अवलोकन किया। उन्होंने हितग्राहियों से कहा कि पीएम आवास निर्माण कार्य समय-सीमा के भीतर पूर्ण करें।
