किरंदुल – पवित्र रमज़ान माह के मौके पर किरंदुल की मुस्लिम अंजुमन कमेटी जामा मस्जिद के द्वारा दावत-ए-रोजा इफ्तार का भव्य आयोजन किया गया। इस मौके पर बड़ी संख्या में रोजेदारों, एनएमडीसी किरंदुल प्रबंधन ,आर्सेलर मित्तल कंपनी का प्रबंधन ,सामाजिक संस्थाओं के जनप्रतिनिधियों और नगर के गणमान्य नागरिकों की उपस्थिति रही।
इफ्तार के निर्धारित समय पर रोजेदारों ने सामूहिक रूप से रोजा खोला और अल्लाह की इबादत करते हुए देश और शहर में अमन-चैन, भाईचारा और खुशहाली की दुआ मांगी। कार्यक्रम में शामिल सभी मेहमानों के लिए मुस्लिम अंजुमन कमेटी जामा मस्जिद किरंदुल की ओर से इफ्तार की विशेष व्यवस्था की गई थी।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित लोगों ने कहा कि रमज़ान का महीना त्याग, संयम, सेवा और भाईचारे का प्रतीक है। ऐसे धार्मिक आयोजनों से समाज में आपसी सौहार्द और एकता को बढ़ावा मिलता है।
दावत-ए-इफ्तार के इस पवित्र आयोजन ने नगर में भाईचारे और सौहार्द का संदेश दिया, जहां सभी धर्म और समुदाय के लोग एक साथ बैठकर इफ्तार में शामिल हुए। कार्यक्रम के अंत में सभी के लिए दुआएं की गईं और समाज में शांति व सद्भाव बनाए रखने का संदेश दिया गया।
