जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधि, आमजनों से शहर की बुनियादी सुविधाओं और विकास कार्यों पर की गई चर्चा
जनप्रतिनिधियों व नागरिकों की सहभागिता से शहर को विकसित करने पर दिया गया जोर
गरियाबंद – आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में शहर विकास योजना के संबंध में बैठक आयोजित की गई। इस दौरान कलेक्टर श्री बीएस उइके एवं पुलिस अधीक्षक वेदव्रत सिरमौर, नगर पालिका परिषद् के अध्यक्ष रिखिराम यादव ने बैठक में शहर के समग्र विकास, बुनियादी सुविधाओं के सुदृढ़ीकरण तथा नागरिकों को बेहतर शहरी सुविधाएं उपलब्ध कराने के लिए विभिन्न बिंदुओं पर विस्तार से चर्चा की।
बैठक में शहर के बस स्टैंड को व्यवस्थित एवं सुचारू बनाने के संबंध में चर्चा करते हुए कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कार्ययोजना तैयार करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि बस स्टैंड क्षेत्र में यातायात व्यवस्था सुचारू रहे तथा यात्रियों को मूलभूत सुविधाएं उपलब्ध हों, इसके लिए आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की जाएं। इसके साथ ही शहर के प्रमुख बाजार क्षेत्रों को व्यवस्थित जगह शिफ्ट करने के लिए जगह का चिन्हांकन करने को कहा। जिससे की बाजार आनेवाले लोंगो को किसी भी प्रकार की असुविधा न हों। बैठक में नगर पालिका के नए कार्यालय भवन तथा मांगलिक भवन के निर्माण से संबंधित प्रस्तावों पर भी चर्चा की गई। इसके साथ ही शहर के मास्टर प्लान को व्यवस्थित रूप से लागू करने, शहर में नए गार्डन के निर्माण तथा नागरिकों के लिए पुस्तकालय की सुविधा विकसित करने पर भी चर्चा की गई।
कलेक्टर श्री उइके ने छिंद तालाब के पास टर्निंग क्षेत्र में साफ-सफाई एवं व्यवस्थित यातायात व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। वहीं छुरा रोड पर बढ़ते अतिक्रमण को हटाने के लिए भी संबंधित विभाग को आवश्यक कार्रवाई करने कहा गया। बैठक में शहर के तालाबों के सौंदर्यीकरण पर भी विशेष रूप से चर्चा की गई, ताकि इन स्थलों को आकर्षक बनाया जा सके और नागरिकों को बेहतर सार्वजनिक स्थान उपलब्ध हो सकें। इसके अलावा महत्वपूर्ण सुविधाओं के विकास और विस्तार के संबंध में भी स्थानिय जनप्रतिनिधि, मीडिया प्रतिनिधियों, नगर के गणमान्य नागरिकों तथा अधिकारियों के साथ चर्चा की गई। कलेक्टर ने कहा कि शहर के समग्र विकास को सुव्यवस्थित करने के लिए सभी का सहयोग एवं राय जरूरी है। ताकि नागरिकों को बेहतर सुविधाएं उपलब्ध हो सके। इस दौरान बैठक में अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक धीरेंद्र पटेल, एसडीओपी सुश्री निशा सिन्हा, डीएसपी सुश्री लितेश सिंह, सीएमओ श्रीमती संध्या वर्मा, सहित संबंधित विभागों के अधिकारी उपस्थित थे।
