उच्च शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री उमेश पटेल ने आज टीका लगाने वालों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से टीकाकरण की ली जानकारी…

टीकाकरण के पश्चात भी कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन करें- प्रभारी मंत्री श्री उमेश पटेल

जिला प्रशासन को निरंतर अच्छा कार्य करने के लिए बधाई एवं शुभकामनाएं दी

जिले में अंत्योदय राशन कार्डधारियों का लगाया जा रहा कोविड टीका

सूरजपुर/एस के मिनोचा/ प्रदेश के मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल के निर्देशानुसार 18 वर्ष से 44 वर्ष के लोगों का टीकाकरण प्रारम्भ हो गया है, अंत्योदय के अंतर्गत आने वाले पात्र हितग्राहियों को वैक्सिनेशन किया जा रहा है।
प्रदेश के उच्च शिक्षा मंत्री एवं जिले के प्रभारी मंत्री श्री उमेश पटेल ने आज दोपहर को वीडियो काॅन्फ्रेंसिंग के माध्यम से आज टीका लगवाने वाले अंत्योदय के अंतर्गत आने वाले पात्र हितग्राहियों से रूबरू हुए। जिला पंचायत सीईओ श्री राहुल देव ने जिले में शासन के निर्देशों का पालन करते हुए 18 से 44 वर्ष के अंत्योदय के अंतर्गत आने वाले पात्र हितग्राहियों को टीकाकरण लगाए जाने की जानकारी प्रभारी मंत्री को दी। प्रभारी मंत्री श्री उमेश पटेल ने वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से स्पेशलाइज थेरेपी सेंटर में बनाए गए टीकाकरण केंद्र में आए हितग्राहियों से हाल चाल से अवगत हुए तथा उनके कुशल क्षेम की कामना की।
प्रभारी मंत्री श्री उमेश पटेल ने टीका लगवाने आए पूनम ठाकुर, प्रिया, संतोष कुमार, विकास साहू से टीकाकरण की जानकारी ली। उन्होंने परिवार के सदस्यों की संख्या की जानकारी ली तथा सभी पात्र हितग्राहियों को वैक्सीनेशन कराने कहा। पूनम ने बताया कि हमारे परिवार के सभी पात्र हितग्राही टीका लगवा लिए है, सभी ठीक हैं एवं सभी को वैक्सीन लगवाना चाहिए जिससे हम सुरक्षित रह सके।
इसी तरह प्रिया, संतोष कुमार विकास साहू ने भी प्रभारी मंत्री के पूछे जाने पर बताया कि अंत्योदय कार्डधारी हैं और प्रदेश सरकार द्वारा उन्हें टीकाकरण के लिए प्राथमिकता दिया जाना ऐतिहासिक निर्णय है। उन्होंने ने बताया कि कोरोना महामारी से टीका ही बचा सकता है, ऐसे में सभी लोगों को इसके लिए संहर्ष तैयार होना चाहिए।

इस दौरान उच्च शिक्षा एवं प्रभारी मंत्री ने कहा कि वे टीका लगाने के अपने अनुभव को परिवारजनों, पड़ोसियों व अन्य ग्रामीणों के पास साझा करें और बताएं कि वैक्सिनेशन क्यों बेहद जरूरी है। उन्होंने कहा वैक्सीनेशन के पश्चात भी प्रत्येक जन को सतर्कता एवं सावधानी बरतना बेहद जरूरी है तथा कोविड के प्रोटोकॉल को कड़ाई से पालन करने कहा इस पर सभी ने एक साथ हामी भरी और प्रभारी मंत्री को आश्वस्त किया कि वे घर लौटकर इसके सकारात्मक पहलू के बारे में जरूर बताएंगे। इस दौरान प्रभारी मंत्री ने जिला प्रशासन, पुलिस प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वास्थ्य कार्यकŸााओं सभी को बधाई एवं शुभकामनाएं देकर शत-प्रतिशत वैक्सिनेशन कराने व अपने परिवारजनों सहित समाज, गांव, प्रदेश और देश को सुरक्षित करने की अपील की।
इस दौरान पुलिस अधीक्षक श्री राजेश कुकरेजा, जिला पंचायत सीईओ श्री राहुल देव, एसडीएम श्री पुष्पेंद्र शर्मा, तहसीलदार श्री नंदजी पांडे, श्री ओपी सिंह, सीएमएचओ डॉ. आर एस सिंह, डॉ. अजय मरकाम, बीएमओ डॉ. प्रशांत सिंह, नगर पालिका सीएमओ ज्योत्सना टोप्पो सहित स्वास्थ्य अमला उपस्थित थे।
समाचार फोटो 01 से 03

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने जिले के स्वास्थ्य कार्यकत्ताओं व मितानिनों से वीडियो कांफ्रेंसिंग द्वारा किट व दवाईयों की उपलब्धता की जानकारी ली

मुख्यमंत्री श्री बघेल ने मितानिन, एएनएम व स्वास्थ्य कार्यकत्ताओं से संक्रमित मरीजों को वैक्सीनेशन हेतु प्रोत्साहित कर कोरोना प्रोटोकॉल का कड़ाई से पालन कराने कहा

मुख्यमंत्री ने जिले के सभी विकासखंडों के स्वास्थ्य कार्यकर्ताओं, एएनएम एवं मितानिनों से गांवो में कोरोना संक्रमण की स्थिति एवं उपचार की जानकारी ली

सूरजपुर/ राज्य सरकार के मंशानुसार 18 से 44 वर्ष के अंत्योदय कार्डधारी परिवार के सदस्यों को कोरोना वायरस से सुरक्षा का टीकाकरण प्रारंभ हो गया है। आज मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने सूरजपुर जिले के मितानिनों से वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग के माध्यम से बात की तथा अपने क्षेत्र के कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या की जानकारी ली। उपस्थित सभी मितानिन ने अपने अपने क्षेत्र के कोविड पॉजिटिव मरीजों की संख्या एवं होम आइसोलेशन में रह रहे पॉजिटिव मरीजों की जानकारी दी गई।

मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने श्रीमती राधा रवि, कुरुंवा के मितानिन से बात की तथा उनकी कुशलक्षेम जाना तथा निरंतर अपने क्षेत्र में कोरोना वायरस संक्रमित मरीजों को प्रोत्साहित करते हुए कोरोना की प्रोटोकॉल का सख्ती से पालन कराने कहा तथा होम आइसोलेशन के नियमों का भी कड़ाई से पालन करने कहा है। उन्होंने दवाई की उपलब्धता की जानकारी ली, जिस पर मितानिन ने सभी कोरोना पॉजिटिव मरीजों को दवाई मिल गया है व समय पर दिया जा रहा है की जानकारी दी गई तथा सभी अच्छे हैं बताया। श्री भूपेश बघेल ने श्रीमती फुलेश्वरी से भी बात की जिसमें श्रीमती फुलेश्वरी ने अपने क्षेत्र के कोरोना संक्रमित मरीजों की संख्या एवं ठीक हुए व्यक्तियों की जानकारी दी तथा सभी घर में हैं की जानकारी दी तथा जो पॉजिटिव है वे बराबर दवाई ले रहे हैं की भी जानकारी दी गई। जिस पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने निरंतर अच्छा कार्य करने की शुभकामनाएं दी।

मुख्यमंत्री ने पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता श्री प्रिंस गुप्ता से बात की तथा उप स्वास्थ्य केंद्र में कोरोना मरीज कितने हैं की जानकारी ली जिस पर श्री प्रिंस ने अपने उप स्वास्थ्य केंद्र में पॉजिटिव मरीजों की जानकारी दी तथा दवाई एवं कीट की उपलब्धता की जानकारी दी। जिस पर मुख्यमंत्री श्री भूपेश बघेल ने सभी को पर्याप्त मात्रा में दवाई एवं किट उपलब्ध कराने कहा है। मुख्यमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में सूरजपुर ब्लॉक के मितानिन श्रीमती राम कुंवर, नाज परवीन, नीता राजवाड़े, रेखा, शीला, कांतावती, धनवंती एवं पुरुष स्वास्थ्य कार्यकर्ता सुनील कुमार पटकर, आदित्य शर्मा, उमेश कुमार यादव मुख्यमंत्री के वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग में शामिल हुए।

इस दौरान स्वास्थ्य विभाग से डॉ. अजय मरकाम, बीएमओ डॉ. प्रशांत सिंह, बीपीएम सुरेश वर्मा, पंचायत निरीक्षक उपेंद्र तिवारी उपस्थित थे। श्री बघेल ने मितानिन से कहा कि कोविड टीका सुरक्षित है, चिंता या घबराहट की कोई बात नहीं है। सरकार द्वारा अंत्योदय परिवारों के 18 से 44 वर्ष के सदस्यों का टीकाकरण किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि अन्य पात्र लोगों को भी टीकाकरण के लिए प्रेरित करें। जितनी जल्दी लोगों को टीका लगेगा, हम सब कोरोना से सुरक्षित हो जाएंगे।