मनरेगा बचाओ संग्राम: गरियाबंद में कांग्रेस का जंगी आंदोलन, कल 2 फरवरी को कलेक्ट्रेट घेराव

गरियाबंद :- मनरेगा को कमजोर किए जाने के विरोध में कांग्रेस ने आंदोलन को और तेज करने का ऐलान किया है। अखिल भारतीय कांग्रेस कमेटी के निर्देश पर छत्तीसगढ़ प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा प्रदेशभर में मनरेगा बचाओ संग्राम चलाया जा रहा है। इसी कड़ी में गरियाबंद जिले में 2 फरवरी 2026 को कलेक्ट्रेट घेराव एवं धरना प्रदर्शन किया जाएगा।

प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष दीपक बैज स्वयं गरियाबंद में आयोजित इस जंगी आंदोलन में शामिल होंगे। कांग्रेस नेताओं और कार्यकर्ताओं ने इस आंदोलन को लेकर व्यापक तैयारी शुरू कर दी है।कांग्रेस का आरोप है कि राज्य सरकार द्वारा मनरेगा के तहत मजदूरों को समय पर काम और मजदूरी नहीं दी जा रही है, जिससे ग्रामीण गरीबों की आजीविका पर सीधा असर पड़ रहा है। पार्टी का कहना है कि मनरेगा ग्रामीण अर्थव्यवस्था की रीढ़ है, लेकिन सरकार की नीतियों के कारण यह योजना दम तोड़ रही है। इस संबंध में पीसीसी जनरल सेकेट्री सकलेन कामदार ने बताया कि प्रदेश कांग्रेस कमेटी द्वारा जारी कार्यक्रम के अनुसार

2 फरवरी 2026 – गरियाबंद

3 फरवरी 2026 – कवर्धा

4 फरवरी 2026 – बालोद

6 फरवरी 2026 – कांकेर

सभी जिलों में जिला कलेक्टर एवं जिला मजिस्ट्रेट कार्यालय के समक्ष कलेक्ट्रेट घेराव और धरना प्रदर्शन किया जाएगा।कांग्रेस नेताओं ने कहा कि यदि सरकार ने मनरेगा मजदूरों की समस्याओं पर गंभीरता से ध्यान नहीं दिया, तो फरवरी माह में आंदोलन को और उग्र रूप दिया जाएगा। गरियाबंद में होने वाले इस आंदोलन को लेकर पार्टी कार्यकर्ताओं में खासा उत्साह देखा जा रहा है।