निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक संपन्न

कलेक्टर बी.एस. उइके ने उद्योग स्थापना की बाधाओं की समीक्षा की

ग्राम पंचायत एनओसी और सिंगल विंडो सिस्टम में सुधार पर जोर

गरियाबंद – जिले में औद्योगिक विकास को गति देने एवं निवेशकों को अनुकूल वातावरण प्रदान करने के उद्देश्य से आज कलेक्टर श्री बी.एस. उइके की अध्यक्षता में निवेश प्रोत्साहन समिति की बैठक आयोजित की गई। बैठक में जिले में विभिन्न औद्योगिक इकाइयों की स्थापना, उनकी वर्तमान स्थिति तथा निवेशकों को आ रही व्यावहारिक समस्याओं पर विस्तार से चर्चा की गई। कलेक्टर श्री उइके ने कहा कि उद्योगों की स्थापना से जिले में रोजगार सृजन, आर्थिक प्रवाह और स्थानीय व्यापार को मजबूती मिलती है। इसलिए प्रशासन द्वारा सभी आवश्यक अनुमतियों और सुविधाओं के त्वरित निराकरण के लिए ठोस कदम उठाएं। बैठक में प्रमुख मुद्दे के रूप में यह बात सामने आई कि ग्राम पंचायतों द्वारा एनओसी जारी करने में विलंब और प्रक्रियागत दिक्कतें निवेशकों के लिए बाधक बन रही हैं। इस संदर्भ में कलेक्टर ने संबंधित अधिकारियों को निर्देशित किया कि ग्राम पंचायतों को स्पष्ट मार्गदर्शन दिया जाए तथा निर्धारित समय सीमा में एनओसी जारी करने की प्रक्रिया सुनिश्चित की जाए, ताकि उद्योग स्थापना में अनावश्यक देरी न हो।

बैठक में सिंगल विंडो सिस्टम की प्रभावशीलता पर भी चर्चा हुई। अधिकारियों ने बताया कि निवेशकों को सभी विभागीय अनुमतियाँ एक ही मंच पर उपलब्ध कराने के उद्देश्य से सिंगल विंडो सिस्टम को और अधिक पारदर्शी तथा सरल बनाने की आवश्यकता है। कलेक्टर ने उद्योग विभाग को निर्देश दिया कि ई-सेवाओं के माध्यम से ऑनलाइन ट्रैकिंग और समयबद्ध स्वीकृति सुनिश्चित की जाए। जिले में वर्तमान में कुल 143 औद्योगिक इकाइयाँ पंजीकृत हैं, जिनमें से लगभग 50 इकाइयाँ राइस मिल के रूप में संचालित हो रही हैं। बैठक में इन इकाइयों की उत्पादन क्षमता, कच्चे माल की उपलब्धता, श्रमिकों की स्थिति तथा ऊर्जा आपूर्ति से संबंधित बिंदुओं की समीक्षा की गई। कलेक्टर श्री उइके ने अधिकारियों को निर्देशित किया कि जिले में निवेशकों के लिए अनुकूल माहौल तैयार किया जाए, उद्योग स्थापना की बाधाओं को दूर किया जाए और प्रत्येक आवेदन का समय सीमा में निराकरण सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने कहा कि प्रशासन की प्राथमिकता उद्यमियों को सुविधाजनक माहौल प्रदान करना है, जिससे जिले का औद्योगिक विकास नई दिशा प्राप्त कर सके। इस दौरान जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चंद्राकर, अपर कलेक्टर पंकज डाहिरे, एसडीएम सुश्री हितेश्वरी बाघे, वाणिज्य एवं उद्योग केन्द्र महाप्रबंधक  दीनबंधु धु्रव सहित संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित थे।