गरियाबंद – कलेक्टर श्री बी.एस. उइके ने आज जिला कार्यालय के सभाकक्ष में आगामी ’’राष्ट्रीय एकता पदयात्रा’’ के सफल आयोजन हेतु अधिकारियों की बैठक ली। बैठक में कलेक्टर ने कहा कि लौह पुरुष ’’सरदार वल्लभ भाई पटेल की 150वीं जयंती’’ के उपलक्ष्य में आयोजित होने वाली इस पदयात्रा का उद्देश्य राष्ट्रीय एकता, समरसता और सेवा भावना का संदेश जन-जन तक पहुँचाना है। उन्होंने बताया कि राष्ट्रीय एकता पदयात्रा का आयोजन ’’7 नवम्बर (शुक्रवार)’’ को सुबह ’’9 बजे अटल चौक नागाबुड़ा’’ से किया जाएगा, जो ’’नहरगांव, कोकड़ी होते हुए गांधी मैदान गरियाबंद’’ में सम्पन्न होगी। उन्होंने बताया कि पदयात्रा में महासमुंद लोकसभा क्षेत्र की सांसद रूपकुमारी चौधरी बतौर मुख्य अतिथि के रूप में शामिल होंगी। इसके अलावा क्षेत्र के सम्मानीय जनप्रतिनिधिगण, अधिकारी-कर्मचारी, मीडियाकर्मी, गणमान्य नागरिक इस पद यात्रा में शामिल होंगे। पदयात्रा में देशभक्ति गीतों की प्रस्तुति, तिरंगा यात्रा, सरदार वल्लभ भाई पटेल के छायाचित्र पर माल्यार्पण तथा देश के प्रति उनके योगदानों को नमन करने जैसे कार्यक्रम शामिल होंगे।
कलेक्टर ने बताया कि पदयात्रा में विद्यालय एवं महाविद्यालय के छात्र-छात्राएं, जनप्रतिनिधि, अधिकारी-कर्मचारी, एनएसएस, एनसीसी, माय भारत वॉलिंटियर तथा आमजन’’ शामिल होंगे। कार्यक्रम के दौरान ’’फिटनेस शिविर, नुक्कड़ नाटक, नशा मुक्ति के लिए युवा शपथ कार्यक्रम’’ एवं ’’स्वास्थ्य शिविर’’ का भी आयोजन किया जाएगा, जिसमें रक्तचाप, डायबिटीज, सामान्य स्वास्थ्य जांच और टीकाकरण जैसी सेवाएं उपलब्ध कराई जाएंगी। इसके साथ ही पदयात्रा मार्ग में स्थित सार्वजनिक स्थलों पर ’’स्वच्छता अभियान’’ भी संचालित किया जाएगा, जिससे “एकता के साथ स्वच्छ भारत” का संदेश जन-जन तक पहुँचे।
कलेक्टर श्री उइके ने सभी अधिकारियों को निर्देशित किया कि आयोजन की सभी तैयारियाँ समय पर पूर्ण कर ली जाएं और जनसहभागिता सुनिश्चित करें। उन्होंने गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों, अधिकारी-कर्मचारियों तथा आमजन से अपील की कि वे अधिक से अधिक संख्या में पदयात्रा में शामिल होकर सरदार वल्लभ भाई पटेल को नमन करें और राष्ट्रीय एकता का संदेश फैलाएं। इस दौरान नहरगांव से गरियाबंद तक राष्ट्रीय एकता पदयात्रा के कारण 7 नवम्बर के प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक बड़ी वाहनों के आवाजाही पर प्रतिबंध लगाया गया है। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चन्द्राकर, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षीक श्री जितेन्द्र चन्द्राकर सहित अन्य जिला अधिकारी उपस्थित थे।
कलेक्टर ने राष्ट्रीय एकता पदयात्रा में गणमान्य नागरिकों, जनप्रतिनिधियों, मीडियाकर्मियों, अधिकारी-कर्मचारी एवं आमजन को शामिल होने की अपील की।
नहरगांव से गरियाबंद तक राष्ट्रीय एकता पदयात्रा के कारण प्रातः 9 बजे से दोपहर 3 बजे तक बड़ी वाहनों के आवाजाही पर प्रतिबंध।
