आयुष्मान कार्ड एवं वय वंदना कार्ड बनाने के लिए चलाए वृहद अभियान।
समितियों में खाद-बीज की निरंतर आपूर्ति करें सुनिश्चित।
कलेक्टर ने समय-सीमा की बैठक लेकर अधिकारियों को दिये निर्देश ।
गरियाबंद – कलेक्टर श्री बी.एस. उईके ने आज संयुक्त जिला कार्यालय के सभाकक्ष में समय-सीमा की समीक्षा बैठक ली। उन्होंने विभिन्न विभागों में समय-सीमा के लंबित प्रकरणों की विस्तृत समीक्षा करते हुए सभी प्रकरणों को तेजी से निराकृत करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने प्रकरणों के निराकरण के लिए आवश्यक मार्गदर्शन भी अधिकारियों को दिये। कलेक्टर श्री उइके ने बैठक में कहा कि सुप्रीम कोर्ट के आदेशानुसार ध्वनि विस्तारक यंत्रों को तय सीमा के बाहर संचालित करने पर आवश्यक कार्यवाही के निर्देश पूर्व में प्रसारित किये गए थे। इसी तारतम्य में जिले में ध्वनि विस्तारक यंत्रों, साउंड बॉक्स एवं डीजे आदि पर नियमानुसार सख्ती के साथ कार्यवाही की जाये। उन्होंने कहा कि ध्वनि प्रदूषण करने वाले संयंत्रों पर राजस्व एवं पुलिस विभाग की संयुक्त टीम बनाकर निरंतर निगरानी करते हुए आवश्यक कार्यवाही करे। कलेक्टर श्री उइके ने स्वास्थ्य विभाग की समीक्षा करते हुए वर्तमान में संचालित योजनाओं की प्रगति एवं आयुष्मान कार्ड तथा वय वंदना कार्ड निर्माण की स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने शत-प्रतिशत लोगों को स्वास्थ्य कार्ड से लाभान्वित करने आयुष्मान कार्ड बनाने विशेष शिविरों का आयोजन करने के निर्देश दिये। साथ ही 70 वर्ष से अधिक उम्र के बुजुर्गों को अतिरिक्त स्वास्थ्य सेवाओं से लाभान्वित करने वय वंदना कार्ड निर्माण के लिए भी विशेष अभियान चलाने की भी निर्देश दिये। इसके लिए स्वास्थ्य विभाग सहित महिला एवं बाल विकास विभाग, शिक्षा, पंचायत विभाग एवं स्व-सहायता समूह के सदस्यों का आवश्यक समन्वय कर कार्ययोजना बनाने को कहा। इस अवसर पर जिला पंचायत के सीईओ प्रखर चन्द्राकर, अपर कलेक्टर प्रकाश राजपूत, नवीन भगत, पंकज डाहिरे, सभी एसडीएम, जनपद सीईओ सहित जिला अधिकारी मौजूद रहे।कलेक्टर उइके ने बैठक में खरीफ सीजन में जिले में चल रहे खेती-किसानी की जानकारी ली। उन्होंने वर्षा की स्थिति सहित समितियों में खाद-बीज के भण्डारण एवं वितरण की भी जानकारी ली। इसके अलावा निजी दुकानों में खाद-बीज एवं दवाई निर्धारित मूल्य से अधिक कीमत में बेचने पर आवश्यक कार्यवाही करने के निर्देश दिये। उन्होंने कहा कि समितियों में पर्याप्त मात्रा में खाद-बीज की भण्डारण सुनिश्चित की जाये। साथ ही किसानों को वितरण की भी सभी व्यवस्था सुचारू रूप से संचालित की जाये। कलेक्टर ने बैठक में स्कूल, आंगनबाड़ी एवं स्वास्थ्य केन्द्रों में जल जीवन मिशन के तहत नल-जल कनेक्शन प्रदाय के वर्तमान स्थिति की भी जानकारी ली। उन्होंने बचे हुए कार्यो की जानकारी लेते हुए प्रगतिरत कार्यो को तेजी से पूर्ण करने के निर्देश दिये। कलेक्टर ने बैठक में पीएम किसान योजना के तहत ई-केवायसी एवं आधार सिडिंग की भी समीक्षा की। साथ प्रधानमंत्री फसल बीमा योजना के अंतर्गत हितग्राहियों का पंजीयन एवं फसल क्षति के प्रकरणों में क्षतिपूर्ति आबंटन के बारे में भी जानकारी ली। कलेक्टर ने प्रधानमंत्री आवास योजना की विस्तृत समीक्षा करते हुए प्रगतिरत कार्यो को पूर्ण करने को कहा।
